देश

3 साल बाद कांग्रेस को मिला स्थायी अध्यक्ष, अब खड़गे के हाथ में रहेगी पार्टी की कमान

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 19, 2022, 02:49 PM IST

Mallikarjun Kharge : खड़गे के रूप में कांग्रेस को 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का अध्यक्ष मिला है। अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे का पलड़ा पहले से भारी था। उनका चुनाव जीतना एक तरह से तय माना जा रहा था। खड़गे ऐसे दूसरे दलित नेता हैं जो कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने हैं।

Image

चुनाव में खड़गे ने शशि थरूर को हराया।

Photo : PTI
KEY HIGHLIGHTS
  • राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं मल्लिकार्जुन खड़गे, कर्नाटक से आते हैं
  • चुनाव में खड़गे की जीत को पक्का माना जा रहा था, थरूर को हराया
  • कांग्रेस का अध्यक्ष बनने वाले दूसरे दलित नेता हैं मल्लिकार्जुन खड़गे

Mallikarjun Kharge : कांग्रेस पार्टी को करीब तीन साल बाद अपना स्थायी अध्यक्ष मिल गया। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को हराया। इस पद के लिए गत सोमवार को वोट डाले गए थे। बुधवार को आए चुनाव नतीजों में खड़गे को 7897 वोट और शशि थरूर को 1072 वोट मिले। शशि थरूर ने अपने ट्वीट में कहा कि खड़गे का अध्यक्ष बनना सम्मान की बात है। उन्होंने इस जीत के लिए उन्हें बधाई दी। इस चुनाव में कल 9385 वोट पड़े जबकि 416 वोट अमान्य घोषित हुए। साल 2000 के कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में सोनिया गांधी को 7448 और जितेंद्र प्रसाद को 94 वोट मिले थे। साल 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस की भारी हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सोनिया गांधी अंतरिम अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थीं।

24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का अध्यक्ष

खड़गे के रूप में कांग्रेस को 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का अध्यक्ष मिला है। अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे का पलड़ा पहले से भारी था। उनका चुनाव जीतना एक तरह से तय माना जा रहा था। खड़गे ऐसे दूसरे दलित नेता हैं जो कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले दलित समुदाय से आने वाले बाबू जगजीवन राम कांग्रेस अध्यक्ष बने थे। खड़गे दक्षिण भारत के राज्य कर्नाटक से आते हैं। वह राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं। उन्होंने कांग्रेस में कई सांगठनिक पदों पर कार्य किया है।

पार्टी मुख्यालय पर जश्न

दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर खड़गे की जीत का जश्न मनने लगा है। पार्टी मुख्यालय पर सीईसी के चेयरमैन मधुसूदन मिस्त्री ने खड़गे की जीत का आधिकारिक एलान किया। उन्होंने कहा, 'मैं मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस पार्टी का निर्वाचित अध्यक्ष घोषित करता हूं।' चुनाव में खड़गे की जीत के बाद थरूर उनसे मिलने के लिए उनके आधिकारिक आवास पहुंचे और उन्हें इस जीत की बधाई दी। पार्टी मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ता जोश एवं उत्साह से लबरेज दिखे। पार्टी ने ढोल-नगाड़े बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

मेरी भूमिका पार्टी अध्यक्ष तय करेगा-राहुल गांधी

चुनाव नतीजे आने से पहले 'भारत जोड़ो यात्रा' पर निकले राहुल गांधी से जब कांग्रेस अध्यक्ष की भूमिका के बारे में जब सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। राहुल ने कहा, 'पार्टी में मेरी भूमिका क्या होगी, इसका फैसला कांग्रेस का नया अध्यक्ष करेगा।'

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article