देश

मल्लिकार्जुन खरगे का पीएम मोदी पर हमला कहा-चीन के भारतीय सीमा में घुसने के समय सो रहे थे प्रधानमंत्री

  • Compiled by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 4, 2024, 11:12 PM IST

खरगे ने कहा कि लोग न तो मोदी पर, न ही उनकी गारंटी पर भरोसा करें। उन्होंने कहा कि मोदी जी की एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई, न दो करोड़ नौकरी आई, न 15 लाख रुपये आये, किसानों की न आमदनी बढ़ी न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ा। उन्होंने कहा कि सब झूठ है, वह एक के ऊपर एक झूठ बोलते हैं।

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे

KEY HIGHLIGHTS

  • PM पर कटाक्ष करते हुए खरगे ने कहा कहा, 'मोदी जी कहते हैं 56 इंच की छाती है मेरी ... मैं नहीं डरूंगा
  • अरे भाई आप नहीं डरते फिर चीन को हमारा बहुत सा भाग क्यों छोड़े?
  • वो अंदर घुस के आ रहे हैं ... आप क्या नींद ले रहे हो?

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पर आरोप लगाया क‍ि वह चीन के भारतीय इलाके में 'घुसने' के समय 'नींद की गोली खाकर सो' रहे थे। इसके साथ ही कांग्रेस नेता ने कहा कि मोदी देश के बारे में नहीं सोचते बल्कि गांधी परिवार को गालियां देते रहते हैं। खरगे ने कहा कि 'मोदी हर किसी को डरा रहे हैं और झूठों के सरदार' हैं।खरगे चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस उम्मीदवार उदयलाल आंजना के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मोदी उस आजादी, लोकतंत्र व संविधान को कुचलने की कोशिश कर रहे हैं जिसके कारण ऊपर आए और सम्मान पाए।

प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए खरगे ने कहा कहा, 'मोदी जी कहते हैं 56 इंच की छाती है मेरी ... मैं नहीं डरूंगा। अरे भाई आप नहीं डरते फिर चीन को हमारा बहुत सा भाग क्यों छोड़े? वो अंदर घुस के आ रहे हैं ... आप क्या नींद ले रहे हो? क्या नींद की गोली खाये हो? क्या राजस्थान के खेतों में से अफीम ले जा के... क्‍या... या ..वो खिलाए हैं क्या?' उन्होंने कहा, '... तो (मोदी) देश के लिए कभी कुछ सोचते नहीं.. सिर्फ गांधी परिवार को गालियां देना, हमको गालियां देना... यही काम करते हैं। देश के लोगों को सताकर और तबाह करके उनको अपने साथ लेना चाहते हैं। सब जगह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर को उन्होंने पीछे लगाया हुआ है। मैं यह कहूंगा कि ये हमेशा झूठ बोलते रहते हैं।'

खरगे ने कहा कि अब वह एक नया नाटक लाये हैं- ‘‘ये मोदी की गारंटी है और मोदी जरूर इस गारंटी को अमल में लाएगा।’’ उन्होंने कहा,‘‘आपने पुराने गारंटी लागू नहीं की अब अब आगे की गारंटी का क्या है? जो आदमी पुरानी गारंटी को अमल में नहीं लाता उसके आगे की बातों पर कैसे भरोसा कर सकते हैं। तो मोदी की गारंटी पर भरोसा मत करो, मोदी जी के ऊपर भी भरोसा मत करो।’’

उन्होंने कहा,‘‘मेरा कहना यही है मोदी सबको डरा रहे हैं, धमकाते हैं लेकिन कांग्रेस के लोग डरने वाले नहीं है। वो हिम्मत से लड़ने वाले हैं। अगर आप उन्हें डराना धमकाना चाहते हैं, तो मोदी जी ये नहीं होने वाला है। आपसे भी ज्यादा लड़ना हमने सीखा है। आपने सिर्फ बात करनी सीखी है। हमने त्याग करना भी सीखा है, लड़ना भी सीखा है और लोगों की भलाई करनी भी सीखी है।’’

‘‘भ्रष्टाचारियों को लेकर आप हुकूमत करते और दूसरों को भ्रष्टाचारी बताते हैं?’’

खरगे ने कहा कि जिस समय देश में सुई नहीं बनती थी उस देश में जवाहर लाल नेहरू व इंदिरा गांधी ने रॉकेट बनाने का काम किया।

अलग-अलग पार्टियों के नेताओं को भाजपा में शामिल करने की घटनाओं पर कटाक्ष करते हुए खरगे ने कहा,‘‘भ्रष्टाचारियों को लेकर आप हुकूमत करते और दूसरों को भ्रष्टाचारी बताते हैं?’’

उन्होंने कहा,‘‘मोदी सबको डरा रहे हैं। वो हमेशा भ्रष्टाचार व भ्रष्टाचारियों को खत्म करने की बात करते हैं। लेकिन बहुत से कांग्रेस पार्टी के लोग जिनके ऊपर धब्बा लगा था... आपने कहा कि ये लोग भ्रष्ट हैं टीएमसी .. आप... राकांपा के लोगों को कहा कि ये भ्रष्ट हैं लेकिन सब भ्रष्टों को उन्होंने (अपनी पार्टी में) ले लिया। ऐसे (भ्रष्ट बताए गए) 25 लोगों को उन्होंने लिया। उनमें से दो लोगों के ऊपर लगे आरोप खत्म कर दिए, बाकी 23 के मामले में भी कार्रवाई चल रही है।’’

'ये (अमित) शाह के पास बहुत बड़ी वाशिंग मशीन है'

उन्‍होंने कहा,‘‘भ्रष्टाचारी को लेकर आप हुकुमत करते हो और दूसरों को भ्रष्टाचारी बोलते हो.. ये (अमित) शाह के पास बहुत बड़ी वाशिंग मशीन है... वे उस वाशिंग मशीन में एक-एक (भ्रष्टाचारी) को साफ करके बाहर ला रहे हैं और सभी ने अब (लोकसभा) टिकट भी ले लिये। अरे भाई जब तक हमारे पास थे वो भ्रष्ट थे? तुम्हारे पास आने के बाद एक महीने में साफ-सुथरे हो गये? ऐसा मोदी जी का स्वभाव है.. ये नकली है.. ये झूठ है और झूठे आदमी को आप को कभी भी पालना नहीं है।’’ उन्होंने आगे कहा,‘‘ये सब झूठे हैं और मोदी जी झूठों के सरदार हैं।’

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article