पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की शनिवार शाम अमृतसर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस घटना के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लोहारका रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। इस बीच, मैड संधू की हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लो ने ली है। उसने सोशल मीडिया पर पोस्ट के माध्यम से मैड संधू की हत्या की जिम्मेदारी ली।
पुलिस के अनुसार,वारदात शाम करीब 6 बजे हुई। हमले में गंभीर रूप से घायल मैड संधू को तत्काल अस्पताल ले जाया गया,जहां उनकी मौत हो गई। उनकी पहचान मधुसूदन के रूप में हुई है।
बाइक सवार हमलावरों ने किया हमला
पुलिस डीएसपी प्रभजोत सिंह विर्क ने कहा कि दो अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आए और मैड संधू पर फायरिंग करने के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की पहचान के लिए उपलब्ध सुरागों पर काम किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ सुराग मिले हैं और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि,हमले के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर मैड संधू की हत्या को लेकर पंजाब पुलिस के डीएसपी प्रभजोत सिंह विर्क ने कहा कि मैड संधू को दो गोली लगी है और उनकी मौत हो गई है। हम FIR दर्ज करके मामले की जांच कर रहे हैं जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा
मेकअप और फैशन को लेकर थे चर्चित
मैड संधू सोशल मीडिया पर मेकअप आर्टिस्ट,फैशन स्टाइलिस्ट और इन्फ्लुएंसर के तौर पर सक्रिय थे। वह मेकअप आर्टिस्ट्र के साथ-साथ जेंडर से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखते थे। उनके कंटेंट और फैशन को लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें आलोचना और ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था।
गौरतलब है कि मैड संधू पंजाबी फिल्म 'ओए भोले ओए' में भी नजर आए थे। उनकी सोशल मीडिया मौजूदगी और मेकअप से जुड़े काम के कारण पंजाब में उनकी पहचान बनी थी।
