देश

हरियाणा कांग्रेस में बड़े बदलाव: राव नरेंद्र सिंह बने अध्यक्ष, भूपेंद्र हुड्डा विधायक दल के नेता

कांग्रेस ने सोमवार को राव नरेंद्र सिंह को अपनी हरियाणा इकाई का नया अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को विधायक दल का नेता नियुक्त किया।

Image

राव नरेंद्र सिंह हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष और हुड्डा विधायक दल के नेता नियुक्त (फोटो- singhraonarender)

कांग्रेस ने सोमवार को हरियाणा में संगठन और विधानसभा दल के शीर्ष नेतृत्व में बड़े बदलाव किए। पार्टी ने राव नरेंद्र सिंह को हरियाणा इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को विधायक दल का नेता नियुक्त किया। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि ये नियुक्तियां पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद की गई हैं।

कांग्रेस में बड़े बदलाव

  • राव नरेंद्र सिंह ने पूर्व अध्यक्ष उदय भान का स्थान लिया है। वह तीन बार विधायक रह चुके हैं और हरियाणा सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
  • भूपेंद्र हुड्डा, जो पिछली विधानसभा में भी नेता प्रतिपक्ष रहे थे, अब विधायक दल के नेता के रूप में राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाएंगे।
  • हरियाणा की राजनीति में दिग्गज जाट नेता की हैसियत रखने वाले हुड्डा दो बार मुख्यमंत्री, चार बार नेता प्रतिपक्ष, चार बार सांसद और छह बार विधायक रहे हैं। वह पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
  • हरियाणा में करीब दो दशक बाद किसी गैर-दलित नेता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इससे पहले भजन लाल वैसे प्रदेश अध्यक्ष थे, जो गैर-दलित थे। उन्हें 2006 में इस भूमिका से मुक्त कर दिया गया था।
  • भजन लाल के बाद फूलचंद मुलाना, अशोक तंवर, कुमारी सैलजा और उदय भान अध्यक्ष रहे, जो सभी दलित हैं।

विधानसभा में हार के एक साल बाद नियुक्तियां

विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के करीब एक साल बाद ये नियुक्तियां की गई हैं। पिछले साल अक्टूबर में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 90-सदस्यीय विधानसभा में 48 सीट के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रही तो कांग्रेस को 37 सीट मिलीं। कांग्रेस ने इन नियुक्तियों के माध्यम से जाट और ओबीसी गठजोड़ को भी लक्ष्य बनाया है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article