Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के सियासत में आज (सोमवार) का दिन बेहद अहम रहा। महाविकास अघाड़ी (MVA) खेमे को एक ऐसा बड़ा झटका लगा है, जिसने राज्य की राजनीति में पूरी तरह से हड़कंप मचा दिया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के सभी 6 मौजूदा सांसदों ने पाला बदल लिया है। ये सभी सांसद मुंबई में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde Shiv Sena) के नेतृत्व वाली मूल शिवसेना में शामिल हो गए हैं।
एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल होने वाले सांसदों का नाम ओमप्रकाश राजे निंबालकर, संजय जाधव, संजय पाटिल, संजय देशमुख, भाऊसाहेब वाकचौरे और नागेश पाटिल-आष्टीकर है। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने पार्टी के छह लोकसभा सांसदों के पाला बदलने पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर बेहद तीखा और विवादित हमला बोला है।
संजय राउत ने एकनाथ शिंदे पर साधा निशाना
संजय राउत ने तंज कसते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे ने एक 'सिजेरियन प्रक्रिया' के जरिए 'छह गद्दारों' को जन्म दिया है। पार्टी छोड़ने की घटनाओं के बीच भी हिम्मत बनाए रखने वाले राउत ने पत्रकारों से कहा, "एक केन्याई महिला के नाम एक साथ पांच बच्चों को जन्म देने का रिकॉर्ड है, लेकिन अब 'नंदनवन' (शिंदे का सरकारी आवास) में छह गद्दारों का पालना झूल रहा है। शिंदे ने छह 'गद्दारों' को जन्म दिया है।"
'ऑपरेशन टाइगर' सफल रहा: एकनाथ शिंदे
यह राजनीतिक संकट तब गहराया जब एकनाथ शिंदे ने 'ऑपरेशन टाइगर' के सफल होने की घोषणा की, जिसके तहत उन्होंने शिवसेना (UBT) के आधे से अधिक सांसदों को अपने पाले में कर लिया। हाल ही में नई दिल्ली में उद्धव ठाकरे गुट की एक महत्वपूर्ण संसदीय बैठक हुई थी, जिसमें केवल तीन सांसद ही शामिल हुए थे। बैठक से नदारद रहने वाले छह बागी सांसदों—संजय देशमुख (यवतमाल), संजय जाधव (परभणी), संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर पूर्व), नागेश पाटिल-आष्टीकर (हिंगोली), ओमप्रकाश राजेनिंबालकर (धाराशिव), और भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी) ने आधिकारिक तौर पर शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना का दामन थाम लिया है।
