देश

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव: मोहन भागवत से लेकर अक्षय और तेंदुलकर तक, वोट डालने पहुंचे कई दिग्गज, दिया ये संदेश

नागपुर महानगरपालिका चुनाव में भागवत शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे। वह सुबह करीब साढ़े सात बजे नागपुर के महल इलाके में स्थित एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि चुनाव लोकतंत्र का एक अनिवार्य हिस्सा है और इसलिए मतदान करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।

Maharashtra poll

महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव 2026

Photo : ANI

Maharashtra Civic polls: आज महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान हो रहा है और आम जनता के साथ-साथ दिग्गज भी वोट डालने पहुंच रहे हैं। इन सभी दिग्गजों ने आम नजता से बढ़-चढ़कर वोट डालने की अपील की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर महानगरपालिका (एनएमसी) चुनाव में अपना वोट डाला और कहा कि ‘नोटा’ का विकल्प चुनने से परोक्ष रूप से अवांछित उम्मीदवारों को बढ़ावा मिलता है।

मोहन भागवत का संदेश, NOTA सही नहीं

नागपुर महानगरपालिका चुनाव में भागवत शुरुआती मतदाताओं में शामिल रहे। वह सुबह करीब साढ़े सात बजे नागपुर के महल इलाके में स्थित एक मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। बाद में उन्होंने पत्रकारों से कहा कि चुनाव लोकतंत्र का एक अनिवार्य हिस्सा है और इसलिए मतदान करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी लोग चुनाव के दौरान एक योग्य उम्मीदवार को ही वोट दें। आरएसएस प्रमुख ने कहा, इसलिए, आज मैंने सबसे पहला काम यह किया कि वोट डाला।

भागवत बोले- नोटा दबाना सही नहीं

चुनाव में मतदाताओं के लिए उपलब्ध ‘उपरोक्त में से कोई नहीं’ (नोटा) विकल्प के संबंध में उन्होंने कहा, नोटा का मतलब है कि आप सभी को अस्वीकार करते हैं और ऐसा करके हम एक ऐसे व्यक्ति को बढ़ावा देते हैं जिसे कोई नहीं चाहता। उन्होंने कहा कि ‘नोटा’ लोगों को अपनी असहमति व्यक्त करने का एक विकल्प देता है लेकिन किसी को भी वोट नहीं देने से बेहतर है कि किसी को वोट दिया जाए। आरएसएस के पूर्व सर कार्यवाह और केंद्रीय समिति के सदस्य भैयाजी जोशी भी शुरुआती मतदाताओं में शामिल थे। उन्होंने चुनाव में मतदान के महत्व पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकारें जनादेश से बनती हैं, जिसे अक्सर चुनाव के माध्यम से व्यक्त किया जाता है जहां नागरिक अपने प्रतिनिधियों के लिए मतदान करते हैं। जोशी ने कहा, हम चाहते हैं कि लोकतंत्र में हर कोई अपने मताधिकार का इस्तेमाल करे। लोकतंत्र में सरकार जनादेश से बनती है और यह अपेक्षा की जाती है कि चुनी हुई सरकार जनता की अपेक्षाओं को पूरा करे। पिछले नागपुर महानगरपालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुल 151 सीट में से 108 सीट जीतीं, वहीं कांग्रेस ने 28, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने 10, शिवसेना (तब अविभाजित) ने दो और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अविभाजित) ने एक सीट जीती थी। राज्य में 29 नगर निकायों के चुनाव के लिए को मतदान हो रहा है।

सचि ने कहा, ये बहुत अहम चुनाव

वहीं, मुंबई में दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने बीएमसी चुनाव में अपना वोट डालने के बाद अपनी स्याही लगी उंगली दिखाई। उन्होंने कहा, यह बहुत अहम चुनाव है। यह हमें वोटों के माध्यम से अपनी राय व्यक्त करने का मौका देता है। सभी को अपना वोट डालना चाहिए।

अक्षय बोले, असली हीरो बनें

मुंबई में अपना वोट डालने के बाद अभिनेता अक्षय कुमार ने कहा, आज बीएमसी के लिए मतदान हो रहा है। मुंबईवासी होने के नाते, आज रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में है। मैं मुंबई के सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपना वोट डालें। अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है, तो हमें संवादबाजी नहीं करनी चाहिए, बल्कि बाहर आकर अपना वोट डालना चाहिए।

प्रकाश जावडेकर का संदेश

पुणे में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रकाश जावडेकर ने कहा, आज महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव हैं और मैंने सुबह की सैर के दौरान अपना वोट डाला। यह हर नागरिक का प्राथमिक कर्तव्य है, इसलिए सभी को तुरंत आकर अपने पसंदीदा उम्मीदवार को वोट देना चाहिए। फडणवीस और प्रधानमंत्री मोदी की दो इंजन वाली सरकार के तहत हम इसी तरह का काम करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article