देश

कर्नल सोफिया कुरैशी पर टिप्पणी मामले में MP के मंत्री विजय शाह की बढ़ी मुश्किलें, मंजूरी मिलते ही दाखिल होगी चार्जशीट

कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह की मुश्किलें बरकरार हैं। सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि एसआईटी की जांच पूरी हो चुकी है, लेकिन विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी अभी सक्षम प्राधिकारी के पास लंबित है। मंजूरी मिलते ही संबंधित अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। मामले में सुप्रीम कोर्ट पहले भी विजय शाह को फटकार लगा चुका है।

Image

सोफिया कुरैशी टिप्पणी केस: विजय शाह पर जल्द दाखिल हो सकती है चार्जशीट। PTI

Photo : PTI

ऑपरेशन सिंदूर के बाद सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को निशाना बनाकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में मध्य प्रदेश के मंत्री कुंवर विजय शाह की मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया गया कि मामले में एसआईटी की जांच पूरी हो चुकी है, लेकिन विजय शाह के खिलाफ अभियोजन चलाने के लिए सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी का अभी इंतजार है।

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ को अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल के. एम. नटराज ने बताया कि एसआईटी अपनी जांच पूरी कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि सक्षम प्राधिकारी से अभियोजन की मंजूरी मिलने के बाद संबंधित अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में भी दर्ज किया कि एसआईटी की रिपोर्ट में जांच पूरी होने की बात कही गई है और रिपोर्ट को सीलबंद लिफाफे में रखा गया है।

अभियोजन की मंजूरी पर अभी फैसला बाकी

पीठ ने कहा कि अभियोजन की मंजूरी का मुद्दा फिलहाल सक्षम प्राधिकारी के समक्ष विचाराधीन है। जैसे ही मंजूरी मिलती है, सक्षम क्षेत्राधिकार वाली अदालत के सामने आरोपपत्र दाखिल कर दिया जाएगा। इन दलीलों का संज्ञान लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई स्थगित कर दी।

सुनवाई के दौरान विजय शाह की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता मनींदर सिंह ने कहा कि मंत्री ने अपनी टिप्पणी के अगले ही दिन सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। उन्होंने अदालत से अनुरोध किया कि मंत्री की माफी को भी ध्यान में रखा जाए। हालांकि, पीठ ने कहा कि एसआईटी की जांच रिपोर्ट अंततः सक्षम प्राधिकारी के पास जानी है और फिलहाल अभियोजन की मंजूरी का मुद्दा लंबित है।

जुलाई में सुप्रीम कोर्ट ने लगाई थी फटकार

इस मामले में 28 जुलाई 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने विजय शाह को सार्वजनिक माफी दर्ज नहीं कराने को लेकर कड़ी फटकार लगाई थी। अदालत ने कहा था कि वह “अदालत के धैर्य की परीक्षा ले रहे हैं।” पीठ ने यह भी कहा था कि मंत्री का आचरण उनके इरादों और नेक नीयत को लेकर संदेह पैदा करता है। इससे पहले शाह के वकील ने अदालत को बताया था कि मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं और उनकी माफी ऑनलाइन भी साझा की गई थी।

मई 2025 में एसआईटी का हुआ था गठन

28 मई 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ विवादित टिप्पणी के मामले में विजय शाह के खिलाफ मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में चल रही कार्यवाही को बंद करने का आदेश दिया था। साथ ही, अदालत ने एसआईटी से मामले की स्थिति रिपोर्ट मांगी थी। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने विजय शाह को फटकार लगाते हुए उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर की जांच के लिए विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया था।

किस बयान को लेकर विवाद में आए थे विजय शाह?

विजय शाह उस समय विवादों में घिर गए थे, जब एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्हें कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते देखा गया था। कर्नल सोफिया कुरैशी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मीडिया ब्रीफिंग में विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ प्रमुखता से नजर आई थीं। उनके खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर व्यापक आलोचना हुई थी।

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने भी विजय शाह की टिप्पणियों को “अपमानजनक” बताते हुए उन्हें फटकार लगाई थी और कहा था कि उन्होंने कर्नल कुरैशी के खिलाफ “घटिया भाषा” का इस्तेमाल किया। अदालत ने पुलिस को उनके खिलाफ वैमनस्य और घृणा फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। टिप्पणी पर चौतरफा आलोचना के बाद विजय शाह ने खेद जताया था। उन्होंने कहा था कि वह कर्नल सोफिया कुरैशी का अपनी बहन से भी अधिक सम्मान करते हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

सत्य निकेतन हादसा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट: सेफ्टी ऑडिट के लिए तत्काल सुनवाई की मांग, रडार पर PG और हॉस्टल

सत्य निकेतन हादसा पहुंचा सुप्रीम कोर्ट: सेफ्टी ऑडिट के लिए तत्काल सुनवाई की मांग, रडार पर PG और हॉस्टल

3 दिन के दौरे पर श्रीलंका रवाना हुए राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री ने बताया क्यों खास है इस देश के साथ भारत का रिश्ता

3 दिन के दौरे पर श्रीलंका रवाना हुए राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री ने बताया क्यों खास है इस देश के साथ भारत का रिश्ता

आज की ताजा खबर, 8 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर, योगी जाएंगे अयोध्या...जंग के बीच ईरान ने दिए नई रक्षा रणनीति के संकेत, भारत में पैसिव स्मोकिंग से होनी वाली मौतों में बढ़ोतरी

आज की ताजा खबर, 8 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: मोदी गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे पर, योगी जाएंगे अयोध्या...जंग के बीच ईरान ने दिए नई रक्षा रणनीति के संकेत, भारत में पैसिव स्मोकिंग से होनी वाली मौतों में बढ़ोतरी

पीएम मोदी के वडोदरा इवेंट की हाउसफुल बुकिंग, 1 घंटे में बिके सभी टिकट, 42000 लोग वेटिंग लिस्ट में

पीएम मोदी के वडोदरा इवेंट की हाउसफुल बुकिंग, 1 घंटे में बिके सभी टिकट, 42000 लोग वेटिंग लिस्ट में

चीनी नागरिक चला रहे थे इंटरनेशनल सोने की तस्करी का गिरोह, DRI मुंबई ने किया भंडाफोड़...1.10 करोड़ का सोना ऐसे पकड़ा

चीनी नागरिक चला रहे थे इंटरनेशनल सोने की तस्करी का गिरोह, DRI मुंबई ने किया भंडाफोड़...1.10 करोड़ का सोना ऐसे पकड़ा