बिजनेस

रामदेव अग्रवाल ने बताया 2026 का बेस्ट सेक्टर, कैसे मिलेगा 100X रिटर्न और कहां जाएगा Nifty?

भले ही पिछले कुछ महीनों से शेयर बाजार की सुस्ती ने ज्यादातर निवेशकों को निराश किया है। लेकिन, दिग्गज निवेशक रामदेव अग्रवाल को भारतीय बाजार की ग्रोथ स्टोरी पर पूरा भरोसा है।

Image

रामदेव अग्रवाल ने जताया बाजार पर भरोसा

शेयर बाजार में आगे की कमाई को लेकर दिग्गज निवेशक रामदेव अग्रवाल काफी पॉजिटिव नजर आ रहे हैं। उनका मानना है कि बाजार में मौजूदा ठहराव ज्यादा लंबा नहीं चलेगा और कॉरपोरेट अर्निंग्स में सुधार के साथ तेज तेजी का अगला दौर शुरू हो सकता है। उन्होंने Nifty को लेकर बड़ा अनुमान लगाया है। रामदेव अग्रवाल के मुताबिक अगले करीब तीन साल में Nifty 35,000 से 40,000 के स्तर तक पहुंच सकता है।

रामदेव अग्रवाल ने कहा कि बाजार में फिलहाल बड़ी गिरावट की गुंजाइश सीमित दिखती है। उनके मुताबिक डाउनसाइड करीब 1,000 से 2,000 पॉइंट तक हो सकता है, जबकि अगले दो से चार साल में करीब 10,000 पॉइंट की तेजी देखने को मिल सकती है। उन्होंने साफ किया कि यह अनुमान दो-तीन महीने की चाल के लिए नहीं, बल्कि लंबी अवधि के लिए है।

Nifty पर क्यों हैं पॉजिटिव?

रामदेव अग्रवाल के मुताबिक पिछले करीब दो साल से बाजार एक दायरे में घूम रहा है, लेकिन इस दौरान कॉरपोरेट अर्निंग्स में सुधार के संकेत आने लगे हैं। उनका कहना है कि अगर अर्निंग्स ग्रोथ 15 से 20 प्रतिशत के आसपास बनी रहती है, तो बाजार में तेजी और मजबूत हो सकती है। उनके अनुसार बाजार जितना समय लेगा, आगे की चाल उतनी ही तेज हो सकती है। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि बाजार के टेक-ऑफ का समय अब करीब आ रहा है।

100X रिटर्न का फॉर्मूला क्या है?

रामदेव अग्रवाल के निवेश दर्शन में 100 गुना रिटर्न का सबसे बड़ा आधार कंपाउंडिंग है। उनका कहना है कि किसी शेयर को सिर्फ इसलिए नहीं खरीदना चाहिए कि उसकी कीमत कम है। निवेश के लिए बिजनेस की क्वालिटी, मैनेजमेंट, ग्रोथ और उचित वैल्यूएशन को देखना जरूरी है। उन्होंने रूल ऑफ 72 के जरिए समझाया कि अगर पैसा 25 प्रतिशत की सालाना दर से बढ़ता है तो करीब तीन साल में वह दोगुना हो सकता है। इसी कंपाउंडिंग को लंबे समय तक जारी रखने पर 10 साल में रकम करीब 10 गुना, 20 साल में करीब 100 गुना और 30 साल में करीब 1,000 गुना तक बढ़ सकती है। यानी 100X रिटर्न किसी एक दिन में मिलने वाला मौका नहीं है। इसके लिए ऐसी कंपनी तलाशनी होगी जो लंबे समय तक तेज रफ्तार से बिजनेस बढ़ा सके और उस ग्रोथ को लगातार कंपाउंड कर सके।

2026 में कौन सा सेक्टर सबसे ज्यादा पसंद?

रामदेव अग्रवाल ने कैपिटल मार्केट को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि इस सेक्टर की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है, बल्कि शुरुआत हुई है। उनके मुताबिक मौजूदा करीब 75 से 80 लाख करोड़ रुपये का इक्विटी एएमसी अगले 10 साल में 500 से 800 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। उन्होंने क्विक कॉमर्स को भी तेजी से उभरता हुआ सेगमेंट बताया। उनके मुताबिक यह कारोबार करीब 50 से 60 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ रहा है। इस सेक्टर के साथ कई नए बिजनेस और प्रोडक्ट्स भी सामने आ रहे हैं। इंश्योरेंस को भी उन्होंने लंबी अवधि के लिए दिलचस्प सेक्टर बताया। उनका कहना है कि भारत जैसे बड़े देश में इंश्योरेंस की पहुंच अभी बहुत कम है और आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में बड़ा बाजार बन सकता है।

शेयर चुनते समय क्या देखें?

रामदेव अग्रवाल का फोकस सिर्फ शेयर की कीमत पर नहीं, बल्कि कंपनी की वैल्यू बढ़ने पर है। उनके मुताबिक अगर कंपनी की वास्तविक वैल्यू लगातार बढ़ रही है तो समय के साथ शेयर की कीमत भी उसका पीछा करेगी। उन्होंने निवेशकों को आगाह किया कि बाजार में किसी शेयर का भाव बिना बिजनेस में सुधार के बहुत ऊपर जा सकता है, लेकिन आखिरकार कीमत को कंपनी की वास्तविक वैल्यू की तरफ लौटना पड़ता है। उनका मानना है कि अच्छे बिजनेस के साथ मजबूत मैनेजमेंट और लंबी अवधि की ग्रोथ क्षमता सबसे अहम है। यही वह संयोजन है जो किसी कंपनी को लंबे समय का बड़ा विजेता बना सकता है।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article