Zomato ने नकली पनीर-चीज बेचने वाले होटल-रेस्टोरेंट के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। जोमैटो ने आज नकली (एनालॉग) चीज, पनीर या अन्य दुग्ध उत्पादों से बने व्यंजनों की बिक्री को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति की घोषणा की। कंपनी ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले रेस्तरां को वह अपने प्लेटफॉर्म से हटा देगी। बता दें कि 'एनालॉग’ डेयरी प्रोडक्ट में असली दूध या चीज की जगह वनस्पति तेलों का इस्तेमाल किया जाता है जबकि उनका रूप तथा बनावट पारंपरिक उत्पादों जैसी रखी जाती है।
प्लेटफॉर्म से खाद्य पदार्थ हटाए गए
जोमैटो ने कहा कि तत्काल प्रभाव से वे व्यंजन उसके मंच से हटा दिए गए हैं, जिनके बारे में रेस्तरां भागीदारों ने बताया था कि उनमें 'एनालॉग डेयरी’ उत्पादों का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले रेस्तरां को मंच से हटा दिया जाएगा।
शुद्ध भोजन उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता
जोमैटो ने सोमवार को अपने मंच पर सूचीबद्ध कारोबारियों को भेजे संदेश में कहा कि हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि ग्राहकों को ऐसा भोजन मिले, जिसका सही विवरण दिया गया हो, जो सुरक्षित हो और अपेक्षित गुणवत्ता मानकों पर खरा उतरता हो। इसके तहत हम अपने मंच पर ’एनालॉग’ चीज, पनीर और अन्य ऐसे दुग्ध उत्पादों वाले खाद्य उत्पादों की सूचीबद्धता और आपूर्ति को लेकर कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति लागू कर रहे हैं।
नुकसान की भर्रपाई करना होगा
जोमैटो ने कहा कि यदि कोई रेस्तरां नियमों का पालन नहीं करता पाया जाता है, तो कंपनी को ऐसे रेस्तरां को मंच से हटाने का अधिकार होगा। इसके अलावा, हमारी नीतियों और लागू कानून के तहत उपलब्ध अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है। जोमैटो ने कहा कि नियमों का पालन नहीं करने वाले उत्पाद ग्राहकों तक पहुंचने पर कंपनी को होने वाले किसी भी नुकसान, लागत, क्षति या खर्च की भरपाई भी वह संबंधित पक्ष से मांग सकती है।
