देश

ये ‘फोकट’ सवाल नहीं...साफ पानी एहसान नहीं, जीवन का अधिकार है- इंदौर दूषित पानी कांड पर राहुल गांधी का BJP पर हमला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इंदौर दूषित जल केस पर मध्य प्रदेश सरकार और पीएम मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने इस मामले में कुछ तीखे सवाल भी पूछे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Image

कांग्रेस नेता राहुल गांधी (फोटो- rahulgandhi)

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इंदौर दूषित जल कांड मामले में बीजेपी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही राहुल गांधी ने पीएम मोदी की खामोशी पर भी सवाल उठाया है। राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मध्यप्रदेश अब कुप्रशासन का एपिसेंटर बन चुका है - कहीं खांसी की सिरप से मौतें, कहीं सरकारी अस्पताल में बच्चों की जान लेने वाले चूहे, और अब सीवर मिला पानी पीकर मौतें। और जब-जब गरीब मरते हैं, मोदी जी हमेशा की तरह खामोश रहते हैं।

राहुल गांधी ने सरकार से पूछे तीखे सवाल

राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर कहा, "इंदौर में पानी नहीं, जहर बंटा और प्रशासन कुंभकर्णी नींद में रहा। घर-घर मातम है, गरीब बेबस हैं - और ऊपर से BJP नेताओं के अहंकारी बयान। जिनके घरों में चूल्हा बुझा है, उन्हें सांत्वना चाहिए थी; सरकार ने घमंड परोस दिया।

लोगों ने बार-बार गंदे, बदबूदार पानी की शिकायत की - फिर भी सुनवाई क्यों नहीं हुई?

  • सीवर पीने के पानी में कैसे मिला?
  • समय रहते सप्लाई बंद क्यों नहीं हुई?
  • जिम्मेदार अफसरों और नेताओं पर कार्रवाई कब होगी?

कैलाश विजयवर्गीय पर निशाना

आगे राहुल गांधी ने कैलाश विजयवर्गीय के उस बयान पर निशाना साधा जिसमें, उन्होंने एक पत्रकार के सवाल को 'फोकट' करार दिया था। राहुल गांधी ने कहा- "ये ‘फोकट’ सवाल नहीं - ये जवाबदेही की मांग है। साफ पानी एहसान नहीं, जीवन का अधिकार है। और इस अधिकार की हत्या के लिए BJP का डबल इंजन, उसका लापरवाह प्रशासन और संवेदनहीन नेतृत्व पूरी तरह जिम्मेदार है।"

इंदौर में अबतक क्या हुआ

इंदौर में दूषित पानी पीने से 15 लोगों की मौत हो चुकी है और दर्जनों अस्पताल में भर्ती हैं। जिनमें से कई की हालत गंभीर है। इस मामले में निगम के अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article