देश

'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित जिम संचालक गिरफ्तार, कोटद्वार में व्यापारी से मारपीट का आरोप; पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

Deepak Kumar Kotdwar Merchant Assault Threat Case: कोटद्वार में 'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित जिम संचालक दीपक कुमार को पुलिस ने एक व्यापारी के साथ अभद्रता, मारपीट और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

Image

'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित जिम संचालक गिरफ्तार, कोटद्वार में व्यापारी से मारपीट का आरोप; पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

Mohammad Deepak Gym Owner Kotdwar Arrested: 'मोहम्मद दीपक' के नाम से चर्चित कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार को एक व्यापारी के साथ कथित तौर पर अभद्रता एवं मारपीट करने और उसे जान से मारने की धमकी देने के मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शांति भंग होने की आशंका के मद्देनजर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के मुताबिक, दीपक को कोटद्वार निवासी व्यापारी संजीव टोंक की शिकायत पर की गई जांच के बाद शाम को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि टोंक ने कोटद्वार कोतवाली में दी तहरीर में आरोप लगाया कि दीपक ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी दीपक के खिलाफ मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर आरोपी दीपक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) और धारा 352 (जानबूझकर अपमान कर शांति भंग करने के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तस्वीरों और अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 196 (धर्म, जाति, भाषा आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने या सौहार्द बिगाड़ने संबंधी अपराध) और धारा 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) भी जोड़ी गईं।

अपशब्द कहे, जान से मारने की धमकी दी

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता को अपशब्द कहने के साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। उसने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों, आरोपी की गतिविधियों और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए दीपक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 (संज्ञेय अपराध को होने से रोकने के लिए गिरफ्तारी) के तहत गिरफ्तार किया गया।

सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने देर शाम कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी निकाला। दीपक कुमार इस साल जनवरी में उस समय चर्चा में आए थे, जब कोटद्वार में कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार की दुकान के नाम में 'बाबा' शब्द के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई थी। दीपक ने दुकानदार के समर्थन में हस्तक्षेप किया और विरोध कर रहे लोगों से बहस के दौरान अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बताया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद वह इसी नाम से चर्चित हो गए।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article