देश

सुरक्षा में लगे CISF जवान ने बार-बार किया मरीज की बेटी से रेप, कोलकाता का आरजी कर अस्पताल फिर चर्चा में

Parul Ahmed Dismissed CISF Rape Case: कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में तैनात सीआईएसएफ (CISF) के जवान पारुल अहमद को एक महिला से बार-बार दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

Image

सुरक्षा में लगे CISF जवान ने बार-बार किया मरीज की बेटी से रेप, कोलकाता का आरजी कर अस्पताल फिर चर्चा में

RG Kar Hospital CISF Jawan Arrested: कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (RG Kar Hospital) की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान को लेकर बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपी जवान पर शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ बार-बार दुष्कर्म करने, उसका अश्लील वीडियो बनाने और फिर ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगा है। बिधाननगर कमिश्नरेट के अंतर्गत नारायणपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान पारुल अहमद (25) को गिरफ्तार कर लिया है। इस गंभीर कदाचार के सामने आने के बाद सीआईएसएफ (CISF) ने 'जीरो-टॉलरेंस नीति' के तहत आरोपी जवान को तत्काल प्रभाव से नौकरी से बर्खास्त कर दिया है।

अस्पताल में हुई थी मुलाकात, दोस्ती के बाद होटल ले गया

जांचकर्ताओं से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की बीमार मां का इलाज आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। अपनी मां की देखभाल के लिए अस्पताल आने-जाने के दौरान पीड़िता की मुलाकात वहां 'रिलेशंस विंग' में तैनात सीआईएसएफ जवान पारुल अहमद से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की यह जान-पहचान दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई।

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर (FIR) के मुताबिक, आरोपी पारुल अहमद उसे बहला-फुसलाकर चिनार पार्क इलाके के एक होटल में ले गया। वहां आरोपी ने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी जवान ने उसकी सहमति के बिना उसके कुछ आपत्तिजनक और अश्लील वीडियो व तस्वीरें भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लीं।

आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर दो बार और किया यौन उत्पीड़न

महिला का आरोप है कि पहली बार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पारुल अहमद नहीं रुका। उसने फोन में रिकॉर्ड किए गए अश्लील वीडियो और तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने और महिला के परिवार को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस खौफनाक ब्लैकमेलिंग के जरिए आरोपी ने डरा-धमकाकर दो अलग-अलग मौकों पर महिला का फिर से यौन उत्पीड़न किया। मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने नारायणपुर पुलिस स्टेशन में न्याय की गुहार लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई।

न्यायिक हिरासत में आरोपी, जांच के लिए वर्दी, सबूत जब्त

नारायणपुर थाना पुलिस ने 9 जून को आरोपी पारुल अहमद को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके बाद बुधवार को उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए होटल के कमरे की चादरें, आरोपी की वर्दी और उसका मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया है। वर्तमान में पीड़िता की हालत को देखते हुए अस्पताल में उसका इलाज और काउंसलिंग जारी है।

सीआईएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस कड़े एक्शन की पुष्टि करते हुए बताया कि पारुल अहमद साल 2023 में बल में शामिल हुआ था और पिछले महीने 27 मई को ही उसे आरजी कर अस्पताल में ट्रांसफर किया गया था। बल की छवि और गरिमा को धूमिल करने वाले इस कृत्य के लिए उसे सेवा से पूरी तरह बर्खास्त कर दिया गया है। बता दें कि कोलकाता के सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद अगस्त 2024 में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में CISF को तैनात किया गया था। यह कदम अस्पताल में लेडी डॉक्टर के साथ हुई दरिंदगी की घटना और बाद में अस्पताल पर हुए भीड़ के हमले के बाद उठाया गया था, जिसने कोलकाता पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!