देश

Kolkata Crime: गर्लफ्रेंड और उसकी मां ने मिलकर कैंची से बॉयफ्रेंड को उतारा मौत के घाट! लव स्टोरी का ये कैसा खूनी अंत?

कोलकाता के गरिया इलाके में 25 वर्षीय सार्थक सरकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी गर्लफ्रेंड संचलिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, गर्लफ्रेंड के फ्लैट में दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके दौरान सार्थक पर कैंची जैसी धारदार चीज से हमला किया गया। गर्लफ्रेंड ने इसे हादसा बताया है, जबकि पुलिस को हत्या की आशंका है। मामले में एक से ज्यादा लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Image

गर्लफ्रेंड के फ्लैट में मिला बॉयफ्रेंड का शव, मां-बेटी गिरफ्तार। AI IMAGE

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां गर्लफ्रेंड और उसकी मां पर मिलकर बॉयफ्रेंड की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सार्थक सरकार के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसकी गर्लफ्रेंड संचलिका बसु और उसकी मां मौमिता बसु को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच हुए विवाद के दौरान सार्थक पर कैंची जैसी किसी धारदार चीज से हमला किया गया था।

फ्लैट में हुआ था गर्लफ्रेंड से झगड़ा

पुलिस के मुताबिक, यह घटना कोलकाता के गरिया इलाके के फर्टाबाद स्थित एक फ्लैट में हुई। सार्थक सरकार बारासात का रहने वाला था और एक निजी संस्था में काम करता था। वहीं, 23 वर्षीय संचलिका बसु लॉ की छात्रा है। वह अपनी मां और दादी के साथ फर्टाबाद के फ्लैट में रहती थी।

सार्थक और संचलिका लंबे समय से रिलेशनशिप में थे। सार्थक अक्सर अपनी गर्लफ्रेंड के घर आता-जाता था। शनिवार को भी वह संचलिका से मिलने उसके फ्लैट पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

कंधे पर धारदार चीज से किया हमला

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झगड़े के दौरान संचलिका ने सार्थक के कंधे पर कैंची जैसी किसी धारदार चीज से हमला किया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शनिवार देर रात सार्थक का शव बरामद किया था। उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को शुरुआती तौर पर संदेह है कि उसकी गर्दन पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

गर्लफ्रेंड ने बताया हादसा, मां ने भी दी सफाई

पुलिस पूछताछ में संचलिका ने दावा किया कि कैंची लगने से सार्थक को गलती से चोट लग गई थी। वहीं, उसकी मां मौमिता बसु ने कहा कि उन्होंने सार्थक और अपनी बेटी के बीच हो रहे झगड़े को रोकने की कोशिश की थी।

हालांकि, पुलिस को आरोपियों के बयानों पर संदेह है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चोटों की प्रकृति को देखते हुए यह महज हादसा नहीं लग रहा है। जांचकर्ताओं को आशंका है कि सार्थक पर जानबूझकर धारदार हथियार से हमला किया गया।

हत्या में एक से ज्यादा लोगों की भूमिका की आशंका

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में संचलिका की मां मौमिता की क्या भूमिका थी। शुरुआती जांच में पुलिस को लगता है कि हमले में एक से ज्यादा लोग शामिल हो सकते हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article