क्रिकेट

जो कहा, सब सच है...सैंडपेपर विवाद मामले में उस्मान ख्वाजा के बयान का डेविड वॉर्नर ने किया समर्थन

सेंडपेपर गेट विवाद के तीन मुख्य आरोपियों में से एक डेविड वॉर्नर ने इस बारे में उस्मान ख्वाजा द्वारा दिए गए बयान का समर्थन करते हुए, हकीकत दुनिया के सामने वाले ने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया है।

Image

उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर

ब्रिस्बेन: डेविड वॉर्नर ने 2018 में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को हिलाकर रख देने वाले ’सैंडपेपरगेट’ विवाद में पूरी टीम की संलिप्तता के दावे का समर्थन किया है। इस विवाद के कारण वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर लंबे समय तक प्रतिबंध लगा था। ऑस्ट्रेलियाई टीम के अपने साथी उस्मान ख्वाजा की जल्द प्रकाशित होने वाली किताब के कुछ अंश सामने आने के कुछ दिन बाद वॉर्नर ने सोमवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया। ख्वाजा ने अपनी किताब में संकेत दिया है कि केपटाउन में गेंद से छेड़छाड़ के मामले में प्रतिबंधित किए गए तीनों खिलाड़ियों को पूरी टीम की गलतियों के लिए बलि का बकरा बनाया गया था।

आपने जो कुछ कहा वह है शत प्रतिशत सही

वॉर्नर ने वीडियो में कहा,'आपने जो कुछ कहा है वह शत प्रतिशत सही है। इस विषय पर बात किए हुए मुझे आठ साल हो गए हैं। उज्जी (ख्वाजा), मैं पूरी तरह आपके साथ हूं। आपने जो किया है उसके लिए मैं आपका शुक्रिया अदा करता हूं। अब हर कोई सच्चाई जानता है। यह सबके सामने आ गई है। लोग इसे जानना चाहते थे और आपने सामने आकर अपनी बात कह दी। यह मेरे परिवार के लिए, स्टीव और कैमरन के लिए निश्चित रूप से मुश्किल समय था लेकिन यह बात सामने आना जरूरी था। उज्जी, मैं आपका पूरा समर्थन करता हूं।'

पिछले आठ वर्षों से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, टीम प्रबंधन और अन्य खिलाड़ियों ने इन दावों को खारिज किया है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान गेंद को रेगमाल से रगड़कर उसकी सतह खुरदरी करने और हवा में असामान्य स्विंग हासिल करने की योजना में पूरी टीम शामिल थी।

सैंडपेपर का इस्तेमाल करते पकड़े गए थे बैनक्राफ्ट

मैच के दौरान मेजबान प्रसारक ने बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए दिखाया। इसके बाद यह विवाद पूरी शृंखला पर छा गया और दुनिया भर में सुर्खियां बना। गेंद से छेड़छाड़ के मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक की सबसे कड़ी सजा दी गई। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया था। उस समय टेस्ट टीम के कप्तान स्मिथ और उपकप्तान वॉर्नर को सभी तरह के क्रिकेट से एक साल के लिए निलंबित कर दिया गया था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article