भारतीय रेलवे ने कश्मीर घाटी के बागवानों को बड़ी राहत देते हुए 'जॉइंट पार्सल प्रोडक्ट-रैपिड कार्गो सर्विस' (JPP-RCS) की शुरुआत की है। इस सेवा के तहत अब कश्मीर के ताजे सेब सीधे दिल्ली के बाजारों तक पहुंचेंगे, वह भी तय समय पर और अच्छी स्थिति में।यह विशेष पार्सल ट्रेन सेवा 13 सितंबर 2025 से शुरू हो रही है, जो बडगाम (कश्मीर) से आदर्श नगर (दिल्ली) के बीच रोजाना चलेगी। ट्रेन सुबह 6:15 बजे बडगाम से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इससे सेब दिल्ली के थोक बाजारों में ताजगी के साथ उपलब्ध होंगे।
इस सेवा में कुल 8 वाहन पार्सल (VP) कोच और 1 SLR कोच होंगे। रास्ते में बाड़ी ब्राह्मण (जम्मू) स्टेशन पर लोडिंग और अनलोडिंग की सुविधा भी दी गई है। एक कोच में लगभग 23 मीट्रिक टन सेब लदे जा सकते हैं।
'और भी पार्सल कोच जोड़े जाएंगे और अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी'
रेलवे ने कहा है कि अगर मांग बढ़ी, तो और भी पार्सल कोच जोड़े जाएंगे और अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएंगी। व्यापारी और किसान अब आसानी से ऑनलाइन पोर्टल (www.fois.indianrail.gov.in) के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं।
घाटी के निर्माण कार्यों के लिए बड़ी उपलब्धि
इस सेवा की निगरानी खुद नॉर्दर्न रेलवे के प्रमुख वाणिज्य प्रबंधक और जम्मू डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक कर रहे हैं। वे राज्य सरकार, बागवानी विभाग और फल उत्पादक संगठनों के संपर्क में हैं ताकि किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। गौरतलब है कि इससे पहले भी रेलवे ने 9 अगस्त 2025 को पंजाब से कश्मीर (अनंतनाग) तक पहली बार सीमेंट की मालगाड़ी चलाई थी, जो घाटी के निर्माण कार्यों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी गई।
रेलवे की यह पहल न केवल कश्मीर के बागवानों को एक नई आर्थिक राह देगी, बल्कि उपभोक्ताओं को भी ताजे फल सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
