Karnataka CM Post Power Tussle: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन से जुड़ा विवाद थमने का नाम ही नहीं लेता है। एकाद माह के अंतराल के बाद विवाद फिर गर्माने लगता है। हाल ही में यह मामला इसलिए सुर्खियों में आया, क्योंकि कर्नाटक का बजट पेश होने से पहले कम से कम कांग्रेस के 21 विधायक विदेश रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री सिद्दारमैया विधानसभा का सत्र शुरू होने के तत्काल बाद 6 मार्च को रिकॉर्ड 17वां बजट पेश करेंगे। सत्र 27 मार्च तक चलेगा। समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, विदेश रवाना होने वाले विधायक मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के वफादार हैं।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, 11 विधायक मंगलवार को विदेश चले गए, जबकि 10 अन्य अपने परिवारों के साथ अलग-अलग विदेश यात्राओं पर जाने वाले हैं। सूत्रों के मुताबिक, सी पुट्टारंगा शेट्टी, बी देवेंद्रप्पा, एच डी थम्मैया, हंपनगौड़ा बदरली, बी एम नागराज, ए वसंत कुमार, डी थिम्मैया और शरणगौड़ा पाटिल बय्यापुर विदेश जाने वालों में शामिल हैं।
कहां जा रहे विधायक
कांग्रेस विधायक ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का दौरा कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि वे पहले मलेशिया के कुआलालंपुर जाएंगे और फिर ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड जाएंगे। हालांकि, विधायकों की यह निजी यात्रा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनकी निजी यात्रा है। इससे पार्टी या सरकार का कोई लेना-देना नहीं है।
थम्मैया ने बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बताया कि हम निजी यात्रा पर जा रहे हैं। यह मेरा और मेरे परिवार की यात्रा है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय बेलगावी विधानसभा सत्र के दौरान लिया गया था।
वहीं, हंपनगौड़ा बदरली ने स्पष्ट किया कि सभी विधायक अपना ट्रिप खुद ही फंड कर रहे हैं और इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, "हम दो या तीन बार विदेश ट्रैवल करते हैं। इससे पहले, हम मस्कट, यूरोपियन देशों और अमेरिका गए थे।" पुट्टारंगा शेट्टी ने कहा कि विधायक 2 या 3 मार्च को लौटेंगे।
सी पुट्टारंगा शेट्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री को हमारी यात्रा के बारे में जानकारी नहीं है। उनका नाम बेवजह क्यों घसीटा जा रहा है? इस बीच, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के करीबी माने जाने वाले विधायकों ने कहा कि कॉमन दोस्तों का एक साथ विदेश यात्रा पर जाना कुछ भी अजीब नहीं है। विधायक एच सी बालकृष्ण ने कहा, "हम भी विदेश यात्रा कर चुके हैं। इसमें क्या गलत है? मुझे इनवाइट नहीं किया गया था। हमारी टीम उनकी टीम से अलग है, लेकिन यह गुटबाजी नहीं है।"
