देश

झारखंड में संग्राम: विधानसभा की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी छात्र, पानी की तेज बौछार के आगे करने लगे डांस, फिर जमकर हुआ लाठीचार्ज

बता दें कि झारखंड में आज छात्र पेपर लीक मामले के अपना विरोध जताते हुए विधानसभा मार्च निकाल रहे हैं। JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्र और छात्र संगठन पिछले दो हफ्ते से अनशन कर रहे हैं।

Image

झारखंड में छात्रों का प्रदर्शन

Photo : ANI

Jharkhand Paper Leak Students Protest: झारखंड में पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों का आंदोलन और तेज हो गया है। आज प्रदर्शनकारी छात्रों ने मार्च करते हुए विधानसभा की ओर कूच किया लेकिन पुलिस ने इन्हें रोकने के लिए कई जगहों पर कांटों वाली बैरिकेडिंग की है। जब छात्र विधानसभा की ओर बढ़ रहे थे तभी पुलिस वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए पानी की तेज बौछार की। इस दौरान भारी शोर होता रहा और प्रदर्शनकारी विधानसभा घेराव के लिए अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर की तर्ज पर कई जगहों पर बैरिकेडिंग तोड़ दी। कई प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा लिए हुए थे।

छात्रों पर लाठीचार्ज

शुरुआत में तो छात्रों पर पानी की तेज बौछार की गई लेकिन पानी भी खत्म हो गया, पुलिस की अपील के बावजूद प्रदर्शनकारी लगातार विधानसभा की ओर बढ़ते रहे। इसके बाद छात्रों पर पुलिस ने लाठी बरसानी शुरू कर दी। छात्रों को रोकने के लिए कांटों की बैरिकेडिंग लगाई गई थी।

हम शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे हैं...

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से ही आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस पानी की बौछार कर रही है, लेकिन हम इसका भी आनंद ले रहे हैं। जैसा तय किया गया था ठीक उसी तर्ज पर प्रदर्शन आगे बढ़ रहा है। प्रदर्शन के लिए कई छात्र दूसरे शहरों से रांची पहुंचे हैं। इन्होंने कहा कि पानी की बौछार इतनी तेज भी नहीं है कि हमें रोक लेगी। हम विधानसभा जाकर ही दम लेंगे। खास बात रही कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी डांस करते भी नजर आए। छात्रों ने कहा कि इस पानी की बौछार में दम नहीं है, लगता है ये भी चोरी करके लाए हैं।

वहीं, एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि यहां जंतर-मंतर की तरह प्रदर्शन नहीं हो रहा है। यहां सबकुछ शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है, किसी तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं हो रहा है, अभद्र नारेबाजी नहीं हो रही है, हिंदू-मुस्लिम नहीं हो रहा है। इसके साथ ही इन्होंने सीएम हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई भी दी।

पेपर लीक मामले में विधानसभा मार्च

बता दें कि झारखंड में आज छात्र पेपर लीक मामले के अपना विरोध जताते हुए विधानसभा मार्च निकाल रहे हैं। JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्र और छात्र संगठन पिछले दो हफ्ते से अनशन कर रहे हैं। सरकार के साथ कई राउंड की बातचीत हुई है, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने के कारण छात्र आज विधानसभा की ओर निकले हैं। छात्रों के मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा सख्त कर दी है। धारा 163 लागू कर दी गई है। साथ ही सीएम आवास के बाहर धरने के लिए पहुंच बाबू लाल मरांडी समेत कई बीजेपी नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस ने की शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने कहा कि मार्च के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, हम नहीं चाहते कि कानून-व्यवस्था बिगड़ने के कारण किसी छात्र के करियर पर दाग लगे। शहर के प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ अवरोधक लगाए गए हैं। एसएसपी ने बताया कि विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में छह अगस्त से 12 अगस्त तक निषेधाज्ञा पहले ही लागू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि यह आदेश इन दिनों सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रांची में प्रस्तावित मार्च को देखते हुए रविवार आधी रात से जमशेदपुर में भी ऐसी ही निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। रांची जिला प्रशासन ने आंदोलनकारी छात्रों से किसी भी तरह के उग्र प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है। प्रशासन ने विधानसभा मार्च के दौरान हिंसा और गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर भी चेतावनी दी है।

Abhishek Raj
अभिषेक राजauthor

मैं अभिषेक राज वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में सीनियर रिपोर्टर के पद पर कार्यरत हूँ, मैं टाइम्स नाउ नवभारत के लिए national crime इंवेस्टिगेशन और स्पेशल स्टोरी का काम देखता हूं। इससे पहले मैं ZEE न्यूज़ में crime और इन्वेस्टीगेशन विभाग में रिपोर्टर के पद पर तैनात था. मैंने ऑपरेशन मुख्यमंत्री, ऑपरेशन धर्ममंत्रण के स्लीपर सेल, ऑपरेशन किसान आंदोलन जीवी, श्रद्धा मर्डर केस, तुनिषा शर्मा आत्महत्या केस, हिमाचल बाढ़ त्रासदी, एल्विश यादव केस आदि जैसी कई स्टोरीज़ की हैं।

और पढ़ें
End of Article