Sanae Takaichi India Visit: अपने तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचीं जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची का गर्मजोशी से स्वागत हुआ है। गुरुवार को उन्हें राष्ट्रपति भवन में गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी अगवानी की। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों से तकाइची का परिचय कराया और फिर जापान से आए शिष्टमंडल से मिले। पीएम मोदी के साथ तकाइची काफ सहज और खुश नजर आईं। पीएम के रूप में तकाइची का यह पहला आधिकारिक दौरा है।
16वां भारत-जापान सालाना शिखर सम्मेलन
दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में दोनों देशों के बीच शिष्टमंडल स्तर की वार्ता होगी। इसके अलावा दोनों नेता 16वें भारत-जापान सालाना शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस दौरान व्यापार, निवेश, रक्षा, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ऑटोमोबाइल, सप्लाई चेन और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
शिखर सम्मेलन से उम्मीदें
- आर्थिक सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा जारी होने की उम्मीद
- आर्थिक सुरक्षा, मजबूत सप्लाई चेन और रणनीतिक प्रौद्योगिकियों पर फोकस
- AI पर सहयोग को लेकर संयुक्त बयान जारी किए जाने की संभावना
- रक्षा उपकरण एवं तकनीक सहयोग और समुद्री सुरक्षा पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद
- क्रिटिकल मिनरल्स, सेमीकंडक्टर और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग
- बड़े पैमाने पर ग्रीन अमोनिया उत्पादन परियोजना को जापान का समर्थन मिलने की संभावना
- बैटरी, बायोगैस, अपस्ट्रीम ऑयल एंड गैस तथा क्रिटिकल मिनरल्स से जुड़े कई समझौतों पर हो सकते हैं हस्ताक्षर
- नेक्स्ट-जनरेशन मोबिलिटी पार्टनरशिप की शुरुआत किए जाने की उम्मीद
- फार्मास्युटिकल क्षेत्र और AI से जुड़े तकनीकी सहयोग भी प्रमुख समझौतों का हिस्सा हो सकते हैं
- प्रधानमंत्री स्तर की यात्रा के दौरान करीब 120 बिजनेस-टू-बिजनेस एमओयू को प्रमुखता से पेश किए जाने की संभावना
- फ्री एंड ओपन इंडो-पैसिफिक और भारत की महासागर विजन के तहत सहयोग का विस्तार किया जाएगा
हमारी स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप और गहरी होगी-PM मोदी
ताकाइची बुधवार शाम दिल्ली पहुंचीं। उनका स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा, 'भारत में आपका बहुत-बहुत स्वागत है, प्रधानमंत्री साने ताकाइची। हमें आपके पहले भारत दौरे पर आपकी मेजबानी करके बहुत खुशी हो रही है, और मैं गुरुवार को हमारी बड़ी बातचीत का इंतजार कर रहा हूं जिससे भारत-जापान स्पेशल स्ट्रेटेजिक और ग्लोबल पार्टनरशिप और गहरी होगी।' पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के साझा प्रयासों से हम इंडो-पैसिफिक और उससे आगे शांति, स्थिरता और खुशहाली को आगे बढ़ाते रहेंगे। वहीं, जापान की प्रधानमंत्री ताकाइची ने भी अपने पहले दौरे के तहत भारत पहुंचने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली वार्ता में आर्थिक और ऊर्जा सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
'सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा जैसे जरूरी मुद्दे शामिल होंगे-तकाइची
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने X पर लिखा, 'मैं भारत की राजधानी दिल्ली पहुंच गई हूं। जापान के प्रधानमंत्री के तौर पर यह लगभग तीन साल में मेरा पहला भारत दौरा होगा और व्यक्तिगत तौर पर यह भारत में मेरा पहला दौरा होगा।' जापानी पीएम ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत में आर्थिक सुरक्षा और ऊर्जा सुरक्षा जैसे जरूरी मुद्दे शामिल होंगे। हमारा मकसद मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए जापान और भारत के बीच स्ट्रैटेजिक सहयोग को और गहरा करना, एक-दूसरे के पूरक सहयोग को बढ़ावा देना और जापान-भारत ‘स्पेशल स्ट्रेटेजिक ग्लोबल पार्टनरशिप’ को और मजबूत करना होगा।'
