Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने घाटी में बंद पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने को मंजूरी दे दी है। लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। दरअसल, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद बंद किए गए कुल सात पर्यटन स्थल सोमवार को खोल दिए।
गहन सुरक्षा समीक्षा के बाद खोल गए स्थल
एकीकृत मुख्यालय में हुई बैठक के बाद उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के निर्देश पर पर्यटन स्थल खोले गए हैं। सिन्हा ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, 'यूएचक्यू में आज हुई बैठक में गहन सुरक्षा समीक्षा और चर्चा के बाद, मैंने कश्मीर और जम्मू संभागों में और अधिक पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का आदेश दिया है, जिन्हें एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।'
आतंकी हमले के बाद 50 जगहों को किया गया था बंद
उपराज्यपाल प्रशासन ने 22 अप्रैल को पहलगाम क्षेत्र के बैसरन में हुए आतंकवादी हमले के बाद लगभग 50 पर्यटन स्थलों को बंद कर दिया था। बता दें कि बैरसन में भारी हथियार लिए आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे।
लोकल बोले- कश्मीर आएं और आनंद उठाएं
एक स्थानीय निवासी लड़की का कहना है, 'पहलगाम की घटना के बाद ये सभी पार्क बंद कर दिए गए थे और आज इन्हें फिर से खोल दिया गया है... पर्यटक भी यहां आकर इन पार्कों का आनंद ले सकते हैं... हम बस यह संदेश देना चाहते हैं कि लोग कश्मीर आएं और इसका आनंद लें।'
वहीं एक शाहिद नामक शख्स ने कहा, 'हम पार्क के फिर से खुलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे... आज हम बहुत खुश हैं और खूब मजे कर रहे हैं... मैं सरकार का भी बहुत आभारी हूं।'
किन स्थानों को खोला गया?
कश्मीर संभाग में जिन सात पर्यटन स्थलों को फिर से खोला गया, उनमें अरु घाटी, राफ्टिंग प्वाइंट यानर, अक्कड़ पार्क, पादशाही पार्क और कामन पोस्ट शामिल हैं। उपराज्यपाल ने जम्मू संभाग के पांच पर्यटन स्थलों को भी फिर से खोलने का आदेश दिया था। इनमें रामबन में दागन टॉप, कठुआ में धागर और रियासी के सलाल में शिव गुफा शामिल हैं। उपराज्यपाल प्रशासन ने जून में पहलगाम के कुछ हिस्सों समेत 16 पर्यटन स्थलों को फिर से खोल दिया था।
