Mallikarjuna Kharge Holds Meeting: उत्तर प्रदेश में 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों की सियासी तपिश अब तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को नई दिल्ली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के वरिष्ठ नेताओं के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक कर चुनावी रणनीति और गठबंधन के समीकरणों पर गहन चर्चा की। बैठक के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए खरगे ने स्पष्ट संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे और कांग्रेस पार्टी, 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन के साथ मिलकर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।
कहा-यूपी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे
बैठक के बाद खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया- आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी।
बैठक में राहुल-प्रियंका समेत प्रदेश के दिग्गजों की मौजूदगी
मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और सभी सह-प्रभारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की सूची को अंतिम रूप देना और समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर एक समन्वय समिति का गठन करना रहा।
17 नवंबर को सपा-कांग्रेस की औपचारिक बैठक
यूपी में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच चुनावी गठबंधन को लेकर हलचल चरम पर है। सूत्रों के अनुसार, दोनों दलों के वरिष्ठ नेताओं के बीच 17 नवंबर को सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर औपचारिक बातचीत शुरू होने जा रही है। कांग्रेस ने जातीय समीकरणों, जमीनी हकीकत और संभावित उम्मीदवारों के आधार पर राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से करीब 181 सीटों की एक सूची तैयार की है। पार्टी का मानना है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में 17 में से 6 सीटें जीतने के बाद राज्य में उसका जनाधार बढ़ा है और उसे कम से कम हर लोकसभा क्षेत्र में एक और जीती हुई लोकसभा सीटों पर दो विधानसभा सीटें मिलनी चाहिए।
समाजवादी पार्टी का रुख
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी जीत की संभावना को सबसे बड़ा आधार बना रही है। 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को महज 2.33 प्रतिशत वोट और 2 सीटें मिली थीं, जबकि सपा ने 111 सीटें जीती थीं। ऐसे में अखिलेश यादव की पार्टी कांग्रेस की 180 सीटों की मांग को लेकर फिलहाल असमंजस में है और अपने पत्ते खोलने से बच रही है।
सामाजिक न्याय और बदलाव के एजेंडे पर फोकस
मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संदेश में साफ किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों की मजबूती चाहती है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कांग्रेस और सपा का यह बयानबाजी व रणनीति का तालमेल सीधे तौर पर अखिलेश यादव के 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले और कांग्रेस के 'सामाजिक न्याय' के एजेंडे को एक साथ जोड़ने की कवायद है। 2024 के लोकसभा चुनावों में इसी गठबंधन ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ा झटका देते हुए उसकी सीटें 62 से घटाकर 33 पर ला दी थीं।
अब सबकी निगाहें 17 नवंबर को होने वाली सपा और कांग्रेस की संयुक्त बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि अखिलेश यादव और राहुल-खरगे की जोड़ी सीटों के बंटवारे पर किस मध्यमार्ग पर सहमत होती है।
