देश

J&K: इधर ऑपरेशन के बीच राजौरी-पुंछ में इंटरनेट बंद, उधर सांबा में मोर्टार के गोले में धमाके के बाद एक की मौत

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 23, 2023, 07:46 AM IST

Jammu and Kashmir Latest News: वहीं, जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाओं की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि समय की जरूरत है कि आपस में हिसाब-किताब तय करने के बजाय ऐसे हमलों के लिए जिम्मेदार देशों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : AP

Jammu and Kashmir Latest News: जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकी हमले के बाद शनिवार (23 दिसंबर, 2023) को भी सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन चला। ढेरा की गली (डीकेजी) रोड को फिलहाल यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। अफसरों के अनुसार, इलाके में रात की घेराबंदी के बाद सुबह व्यापक घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू हुआ। क्षेत्र की हवाई निगरानी की जा रही है। आतंकवादियों का पता लगाने के लिए श्वान दस्ता भी लगाया गया है। गोलीबारी में शामिल आतंकवादियों का पता लगाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी तैनात किए गए हैं। हालांकि, इस बीच ऐहतियाती तौर पर राजौरी और पुंछ में इंटरनेट सेवा को निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल, पुंछ में हथियारों से लैस आतंकियों ने सेना के दो वाहनों पर घात लगाकर हमला किया था। इस आतंकी अटैक में पांच सैनिकों के शहीद होने के साथ दो अन्य घायल हुए थे। गुरुवार (21 दिसंबर, 2023) को यह हमला तब हुआ था, जब सैन्यकर्मियों को एक घेराबंदी और तलाशी अभियान स्थल पर ले जा रहे वाहनों पर सुरनकोट थाना क्षेत्र में ढेरा की गली और बुफलियाज के बीच धत्यार मोड़ पर अपराह्न करीब पौने चार बजे निशाना बनाया गया था।

अधिकारियों ने आगे बताया कि हमले के बाद आतंकियों ने कथित तौर पर कम से कम दो सैनिकों के शवों को क्षत-विक्षत कर दिया और उनमें से कुछ के हथियार लूट लिए थे। ऐसा माना जा रहा है कि तीन से चार की संख्या में हथियारबंद आतंकवादियों ने पहाड़ों से सेना के वाहनों को निशाना बनाने के लिए इस क्षेत्र को चुना था। इस बीच, रक्षा विशेषज्ञों ने शुक्रवार को कहा कि राजौरी-पुंछ क्षेत्र में आतंकी घटनाओं में वृद्धि चिंताजनक है।

उधर, सांबा जिले में शुक्रवार शाम मोर्टार के एक गोले में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। साथ ही एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। घटना तब हुई, जब कुछ लोग वन क्षेत्र से एक पुराने मोर्टार गोले को उठाकर उससे छेड़छाड़ कर रहे थे। सांबा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बेनाम तोश ने बताया कि यह किसी वन क्षेत्र से उठाए गए मोर्टार गोले के साथ छेड़छाड़ से संबंधित मामला है। उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि इलाके में पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी। मामले की जांच की जा रही है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article