देश

Indigo Crisis: नहीं कम हो रही यात्रियों की परेशानी! आज भी 650 फ्लाइट्स कैंसिल, इंडिगो ने 10 दिसंबर तक संचालन सामान्य होने की जताई उम्मीद

IndiGo के उड़ान संकट का असर रविवार को भी जारी रहा और दिल्ली व मुंबई एयरपोर्ट पर 220 से ज्यादा उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। एयरलाइन पिछले छह दिनों से गंभीर अव्यवस्था से जूझ रही है, जिससे हजारों यात्री प्रभावित हुए हैं। शुक्रवार को 1,600 उड़ानें रद्द करने के बाद शनिवार को हालात कुछ बेहतर हुए और 1,500 उड़ानें संचालित हुईं।

Image

रविवार को भी इंडिगो की कई उड़ानें हुई रद्द।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Indigo Flight Cancellation: इंडिगो एयरलाइंस के लगातार उड़ानें रद करने और खराब सेवा को लेकर देशभर के यात्रियों में भारी नाराजगी है। बीते चार दिनों में एयरलाइन ने सैकड़ों उड़ानें रद कर दी हैं, जिससे हजारों यात्री हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं। रविवार को भी दिल्ली और मुंबई दोनों प्रमुख एयरपोर्ट्स पर 220 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। वहीं, देशभर में आज 650 फ्लाइट्स कैंसिल हुई। हालांकि, कंपनी ने दावा किया है कि 10 दिसंबर से विमान के संचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई है।

रविवार को मुंबई में 112 और दिल्ली में 109 उड़ानें रद्द हुईं। इससे पहले शुक्रवार को एयरलाइन ने अपने 2,300 दैनिक उड़ानों में से करीब 1,600 उड़ानें रद्द की थीं। शनिवार को रद्द उड़ानों की संख्या कम होकर लगभग 800 रही और एयरलाइन ने 1,500 उड़ानें संचालित कीं।

एयरलाइन का कहना है कि शुक्रवार को सीमित उड़ानों का संचालन “नेटवर्क, सिस्टम और रोस्टर को रीबूट करने” के उद्देश्य से किया गया था ताकि शनिवार से संचालन स्थिरता धीरे-धीरे बहाल की जा सके।

एयरलाइन के CEO और COO को नोटिस

संचालन संकट के बीच शनिवार को DGCA ने IndiGo CEO पीटर एल्बर्स और COO/Accountable Manager पोर्क्वेरास को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है। नोटिस में कहा गया है कि बड़े पैमाने पर उड़ान बाधित होने से स्पष्ट है कि एयरलाइन की योजना, निगरानी और संसाधन प्रबंधन में गंभीर चूक हुई है।

नियामक ने यह भी कहा कि इस पूरे संकट की जड़ एयरलाइन की उस असफल तैयारी में है, जिसके चलते नए लागू हुए FDTL (Flight Duty Time Limitations) नियमों के अनुरूप संचालन सुनिश्चित नहीं हो पाया।

केंद्र सरकार ने दिए FDTL संचालन के सख्त आदेश

लगातार बिगड़ रहे हालात को देखते हुए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शनिवार को दिल्ली में IndiGo CEO के साथ उच्च-स्तरीय बैठक की। इसमें मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा और DGCA प्रमुख फ़ैज़ अहमद किदवई भी मौजूद रहे।

बैठक में एयरलाइन से साफ कहा गया कि नई FDTL व्यवस्था का पालन तय समयसीमा में हर हाल में सुनिश्चित किया जाए और सभी प्रभावित यात्रियों को समय पर रिफंड दिया जाए।

सरकारी सूत्रों ने संकेत दिया है कि जांच समिति की रिपोर्ट आने के बाद एयरलाइन और उसके शीर्ष प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

चार सदस्यीय जांच समिति गठित

DGCA ने शुक्रवार को चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जो उड़ान रद्द होने के वास्तविक कारणों की पड़ताल करेगी और समाधान सुझाएगी। समिति में ज्वॉइंट डायरेक्टर जनरल संजय के. ब्रम्हाने, डिप्टी डायरेक्टर जनरल अमित गुप्ता, सीनियर फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर कैप्टन कपिल मंग्लिक और फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर कैप्टन रामपाल शामिल हैं।

समिति को 15 दिनों में रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है, जिसके आधार पर नियामक आवश्यक कार्रवाई करेगा और संतुलित संचालन के लिए संस्थागत सुधार सुनिश्चित करेगा।

सरकार ने किराये पर नियंत्रण और रिफंड पर सख्त निर्देश दिए

शनिवार को मंत्रालय ने कई तात्कालिक कदम उठाए। चुनिंदा सेक्टरों में किराए को सीमित करने पर विचार किया गया। सभी प्रभावित यात्रियों को रविवार रात 8 बजे तक 100% रिफंड सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संचालन स्थिरता बहाल करने के लिए एयरलाइन से विस्तृत शेड्यूल प्लान तैयार किया गया। इसके बावजूद यात्रियों की परेशानी कम नहीं हुई है, क्योंकि भारी संख्या में उड़ानें रद्द या देरी के कारण एयरपोर्ट पर भीड़ लगातार बढ़ रही है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article