देश

हनीट्रैप में क्यों नहीं फंसते हैं भारतीय जवान? एयर चीफ ने बताया सेना का सीक्रेट सिक्योरिटी सिस्टम

भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित ने बताया कि भारतीय सेना और रक्षा संस्थानों को हनीट्रैप और साइबर जासूसी से बचाने के लिए किस तरह के सुरक्षा उपाय किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि हनीट्रैप जासूसी का सिर्फ एक हिस्सा है। सेना के मुख्य संचार नेटवर्क को इंटरनेट से अलग रखा जाता है। इसके अलावा इनसाइडर थ्रेट और निजी रक्षा कंपनियों के नेटवर्क की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

Image

हनीट्रैप से सेना को बचाने के लिए भारत का क्या है प्लान? एयर चीफ ने किया खुलासा। ANI

Photo : ANI

हनीट्रैप को लेकर हाल के दिनों में कई मामले सामने आए हैं। सोशल मीडिया पर दोस्ती, प्रेम संबंध और आर्थिक लालच के जरिए सैन्यकर्मियों को निशाना बनाने की कोशिशें होती रही हैं।

इसी बीच भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित ने बताया है कि भारतीय सेना और रक्षा संस्थानों को ऐसे जासूसी नेटवर्क से बचाने के लिए किस तरह के सुरक्षा उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हनीट्रैप जासूसी का सिर्फ एक हिस्सा है, जबकि असली चुनौती साइबर जासूसी की है। भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित ने सोमवार को दिल्ली में आयोजित एएनआई नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में रक्षा क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर अहम बातें साझा कीं।

जासूसी सिर्फ, हनीट्रैप तक सीमित नहीं

उन्होंने कहा कि आज जासूसी सिर्फ हनीट्रैप तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए साइबर माध्यमों और कई तरह के प्रलोभनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। दीक्षित के मुताबिक, भारतीय सेना और उसके रिसर्च नेटवर्क ने विदेशी जासूसी गिरोहों से निपटने के लिए तकनीकी और संस्थागत सुरक्षा उपाय लागू किए हैं। इनका उद्देश्य सरकारी लैब, रक्षा अनुसंधान संस्थानों और निजी रक्षा कंपनियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारियों को सुरक्षित रखना है।

हनीट्रैप जासूसी का सिर्फ एक हिस्सा

रक्षा क्षेत्र में हनीट्रैप के खतरे को लेकर पूछे गए सवाल पर एयर चीफ मार्शल अशुतोष दीक्षित ने कहा कि इसे सिर्फ हनीट्रैप का मामला नहीं समझना चाहिए। यह मूल रूप से साइबर जासूसी और खुफिया जानकारी हासिल करने से जुड़ा मामला है।

उन्होंने कहा, "यह हनीट्रैप का मामला नहीं है। मूल रूप से यह साइबर जासूसी है। आजकल जासूसी साइबर माध्यमों और अलग-अलग तरह के प्रलोभनों के जरिए होती है। हनीट्रैप इस पूरी तस्वीर का सिर्फ एक पहलू है। इसके अलावा भी कई चीजें हैं।"

उन्होंने मल्टी लेवल मार्केटिंग और कर्ज देने वाले लोगों यानी लोन शार्क का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, ऐसे तरीके भी सक्रिय हैं और सुरक्षा एजेंसियां इन पर करीबी नजर रख रही हैं। उन्होंने कहा कि इन खतरों को नियंत्रित करने के लिए एक व्यवस्थित प्रयास किया जा रहा है।

सेना के नेटवर्क को कैसे सुरक्षित रखा जाता है?

एयर चीफ मार्शल दीक्षित ने बताया कि सेना के मुख्य संचार नेटवर्क को आम इंटरनेट से अलग रखा गया है। इसे तकनीकी भाषा में एयर-गैप्ड नेटवर्क कहा जाता है। इसका मतलब है कि ये नेटवर्क सार्वजनिक इंटरनेट से भौतिक रूप से अलग होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेटवर्क पर सीधे साइबर हमले करना संभव नहीं होता, लेकिन इसके बावजूद अंदरूनी लोगों के जरिए खतरा पैदा हो सकता है। इसे इनसाइडर थ्रेट कहा जाता है।

दीक्षित ने बताया कि इस तरह के खतरों से निपटने के लिए कुछ तकनीकी और संस्थागत समाधान पहले से मौजूद हैं। यानी सिर्फ नेटवर्क को सुरक्षित रखना ही काफी नहीं है, बल्कि उससे जुड़े लोगों की सुरक्षा और जागरूकता भी जरूरी है।

प्राइवेट रक्षा कंपनियों को भी दी जा रही सलाह

एयर चीफ मार्शल ने रक्षा क्षेत्र की प्राइवेट कंपनियों की सुरक्षा को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी संस्थानों और डीआरडीओ की प्रयोगशालाओं के अलावा निजी क्षेत्र में भी सुरक्षा को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सही सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने के बारे में जागरूकता बेहद जरूरी है। इसके लिए एक एजेंसी निजी क्षेत्र की कंपनियों को उनके नेटवर्क के इस्तेमाल और सुरक्षा को लेकर सलाह देती है।

दीक्षित के मुताबिक, अगर निजी क्षेत्र के लोग इन सलाहों का पालन करते हैं तो ज्यादातर मामलों में सुरक्षा बनाए रखना संभव होगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article