Stock Market Closing Sensex Nifty Rally : शेयर बाजार में सोमवार 16 नवंबर को मिलाजुला कारोबार हुआ। एक तरफ बेंचमार्क इंडेक्स में जोरदार तेजी देखने को मिली। वहीं, दूसरी तरफ ब्रॉड मार्केट में बिकवाली का ट्रेंड हावी रहा।
कारोबारी सप्ताह के पहले दिन Sensex 512.34 अंक यानी 0.63% की बढ़त के साथ 82,104.79 पर बंद हुआ। वहीं, Nifty भी 146.80 अंक यानी 0.58% उछलकर 25,291.10 के स्तर पर पहुंच गया। पिछले कारोबारी सत्र में बाजार में आई गिरावट के बाद सोमवार की तेजी ने निवेशकों को राहत दी।
विदेशी निवेशकों की जोरदार वापसी
भारतीय शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की खरीदारी मानी जा रही है। विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। नवंबर के पहले पखवाड़े में उनका कुल निवेश 84,290 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इससे पहले लगातार 2 महीने विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से पैसा निकाल रहे थे।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी भी भारतीय शेयर बाजार के लिए सकारात्मक रही। सोमवार को ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क Brent Crude करीब 0.88% गिरकर 95 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। तेल की कीमतों में गिरावट की एक वजह सप्लाई बढ़ने की उम्मीद है। Hormuz Strait के रास्ते तेल की शिपमेंट लगभग युद्ध से पहले के स्तर पर लौट आई है। कच्चे तेल की कीमतों में कमी भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए राहत की बात है।
ग्लोबल बाजारों से मिले सकारात्मक संकेत
एशियाई बाजारों में मजबूती ने भी घरेलू निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। सोमवार को हांगकांग का Hang Seng Index बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार के फ्यूचर्स में भी तेजी देखने को मिली। कारोबार के दौरान S&P 500 Futures में 0.3% और Nasdaq Futures में 0.5% की बढ़त दर्ज की गई। ग्लोबल बाजारों से मिले इन सकारात्मक संकेतों ने भारतीय बाजार में खरीदारी को बढ़ावा दिया।
बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में खरीदारी
सोमवार को बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। Nifty Bank 0.89% चढ़कर बंद हुआ। वहीं, Nifty Private Bank में 0.88% और Nifty PSU Bank में 0.50% की तेजी रही। Nifty Financial Services भी 0.57% बढ़कर बंद हुआ। बड़े बैंकिंग शेयरों में खरीदारी का फायदा प्रमुख इंडेक्स को मिला और Sensex-Nifty की तेजी को सपोर्ट मिला।
रुपये की मजबूती से बढ़ा भरोसा
डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती ने भी बाजार को सपोर्ट दिया। सोमवार को रुपया 6 पैसे मजबूत होकर 94.13 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। इंटरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 94.22 प्रति डॉलर पर खुला था। कारोबार के दौरान इसने 94.13 का उच्च स्तर और 94.25 का निचला स्तर छुआ। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुख रुपये को मजबूती देने वाले कारक रहे।
तेजी के बावजूद बाजार में दिखी कमजोरी
हालांकि, सोमवार की तेजी की एक दूसरी तस्वीर भी रही। प्रमुख इंडेक्स में बढ़त के बावजूद बाजार में गिरने वाले शेयरों की संख्या बढ़त वाले शेयरों से काफी ज्यादा रही। NSE पर 3,774 शेयरों में कारोबार हुआ। इनमें 1,175 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,515 शेयरों में गिरावट रही।
