बिजनेस

Life Certificate के नाम पर साइबर ठग बिछा रहे जाल, आप न करें ये गलतियां

पेंशन जारी रखने के लिए सीनियर सिटीजन को साल में एक बार लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने की जरूरत पड़ती है। लेकिन क्या हो जब इसी जीवन प्रमाण पत्र की आड़ में साइबर ठग ठगी को अंजाम दें?

Image

Life Certificate के नाम पर ठग बिछा रहे ठगी का जाल (AI Generated Image)

रिटायरमेंट (Retirement) के बाद पेंशन आय का एक बड़ा सहारा होती है। ऐसे में पेंशन जारी रखने के लिए लाइफ सर्टिफिकेट यानी जीवन प्रमाण पत्र (Life Certificate) जमा करना जरूरी होता है। अब यह प्रक्रिया ऑनलाइन भी पूरी की जा सकती है। हालांकि, डिजिटल सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगों ने पेंशनर्स को निशाना बनाने का नया तरीका खोज लिया है। ठग लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने में मदद करने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।

लाइफ सर्टिफिकेट के नाम पर 2 लाख रुपये की ठगी

हाल ही में मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया। यहां शिक्षा विभाग से रिटायर हुए 76 वर्षीय पेंशनर को घर बैठे लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने का झांसा दिया गया। ठगों ने फेसबुक पर ऐड के जरिए उनसे संपर्क किया। पेंशनर ने ऐड में दिए गए लिंक पर क्लिक किया और अपनी बैंकिंग से जुड़ी जानकारी दर्ज कर दी। इसके बाद उनके बैंक खाते से करीब 2 लाख रुपये निकाल लिए गए। हालांकि, इंदौर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरी रकम बरामद कर ली। आपके या आपके घर के किसी बुजुर्ग के साथ इस तरह का फ्रॉड न हो, इसके लिए कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें-

लाइफ सर्टिफिकेट को लेकर इन बातों का रखें ध्यान

केवल ऑफिशियल पोर्टल का करें इस्तेमाल
डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए पेंशनर्स को सरकार के आधिकारिक Jeevan Pramaan पोर्टल या अधिकृत एप्लिकेशन का ही इस्तेमाल करना चाहिए। सोशल मीडिया विज्ञापनों, अनजान वेबसाइट और मैसेज में आए लिंक पर भरोसा न करें।
बैंकिंग से जुड़ी जानकारी साझा न करें

लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने के लिए कभी भी ATM PIN, CVV, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड या OTP की जरूरत नहीं होती। बैंक या सरकारी विभाग के नाम पर ऐसी जानकारी मांगने वाले व्यक्ति से सावधान रहें।

घर बैठे सर्विस की पहले जांच करें

अगर कोई पेंशनर घर बैठे लाइफ सर्टिफिकेट बनवाना चाहता है तो उसे अपने पेंशन देने वाले बैंक, अधिकृत सेवा केंद्र या India Post Payments Bank से संपर्क करना चाहिए। किसी अनजान व्यक्ति को घर बुलाने से पहले उसकी पहचान जरूर जांचें।

अनजान ऐप डाउनलोड न करें

ठग कई बार लाइफ सर्टिफिकेट बनाने के बहाने मोबाइल में अनजान एप डाउनलोड करवाते हैं या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति मांगते हैं। ऐसा करने से मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी उनके हाथ लग सकती है।

धोखाधड़ी होने पर तुरंत शिकायत करें

अगर खाते से पैसे कट जाएं तो तुरंत बैंक को इस बारे में जानकारी देकर आगे के ट्रांजेक्शन रुकवाएं। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। पेंशनर्स को डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते समय परिवार के भरोसेमंद सदस्यों की मदद भी लेनी चाहिए। थोड़ी सी सावधानी उनकी जीवनभर की बचत को साइबर ठगों से सुरक्षित रख सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article