देश

यूनानी डॉक्टर बनकर लोगों को लगा रहे थे चूना, दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की IFSO यूनिट ने यूनानी इलाज और दवाइयों के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में चल रहे एक अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Image

दिल्ली में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़।

दिल्ली में यूनानी इलाज और दवाइयां बेचने के नाम पर चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की IFSO यूनिट ने पीतमपुरा इलाके में छापा मारकर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को डॉक्टर बताकर लोगों को फोन करते थे और उन्हें यूनानी दवाइयां खरीदने के लिए राजी करते थे। इस पूरे खेल में चोरी किए गए ग्राहक डेटा का इस्तेमाल किया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पीतमपुरा के शिवाजी मार्केट स्थित ऑफिस नंबर 282 से MDL Natural Unani Healthcare Pvt. Ltd. और Natural Unani Health Care के नाम पर अवैध कॉल सेंटर चला रहे थे। गिरोह ने कथित तौर पर अतिया हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड (AHCPL) और उसके डिस्ट्रीब्यूटर UMPL का गोपनीय ग्राहक डेटा हासिल कर लिया था। इसी जानकारी के आधार पर लोगों को फोन करके दवाइयां खरीदने के लिए झांसे में लिया जाता था।

डॉक्टर बनकर करते थे फोन, ऐसे देते थे ठगी को अंजाम

जांच में सामने आया कि कॉल सेंटर में काम करने वाले टेली कॉलिंग एजेंट चोरी किए गए ग्राहक डेटा के आधार पर लोगों से संपर्क करते थे। वे खुद को डॉक्टर बताते और ग्राहकों को यूनानी दवाइयों के बारे में जानकारी देकर खरीदारी के लिए प्रेरित करते थे। इसके बाद कथित तौर पर फर्जी ऑर्डर तैयार किए जाते थे।

पुलिस को छापेमारी के दौरान नकली दवाइयां और कॉल सेंटर के संचालन से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह पूरा नेटवर्क किसी सामान्य कॉल सेंटर की तरह नहीं, बल्कि अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटकर संचालित किया जा रहा था।

टीम लीडर से लेकर अकाउंटेंट तक, सबकी थी अलग भूमिका

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में एक टीम लीडर था, जो रोजाना के कामकाज को संभालता था। एक आरोपी अकाउंटेंट के रूप में पैसों का हिसाब रखता था, जबकि दूसरा दवाइयों के स्टॉक और फंड की जिम्मेदारी देखता था।

एक सुपरवाइजर टेली कॉलिंग एजेंट को ट्रेनिंग देने और उनकी निगरानी करने का काम करता था। बाकी आरोपी ग्राहकों को फोन करने, डॉक्टर बनकर बातचीत करने और फर्जी ऑर्डर तैयार करने में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, पूरा नेटवर्क फरार सरगना लतीफ और ज्योति के निर्देशों पर चल रहा था।

तकनीकी इनपुट के बाद पुलिस ने मारा छापा

दिल्ली पुलिस को हेड कांस्टेबल सुरेश और हेड कांस्टेबल लोहित से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर इस नेटवर्क की जानकारी मिली थी। इसके बाद IFSO यूनिट ने एसआई सचिन देव डांगी के नेतृत्व में टीम गठित कर पीतमपुरा स्थित कॉल सेंटर पर छापेमारी की। इस टीम में हेड कांस्टेबल कपिल और हेड कांस्टेबल गोल्डी खत्री भी शामिल थे। पूरी कार्रवाई एसीपी मनोज कुमार मिश्रा और डीसीपी IFSO गौरव त्यागी की निगरानी में की गई। छापेमारी के दौरान मौके से 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

छापेमारी में क्या-क्या मिला?

पुलिस ने छापेमारी में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामान जब्त किया है। इनमें 40 मोबाइल फोन और तीन लैपटॉप शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इन उपकरणों का इस्तेमाल कॉलिंग और ग्राहक डेटा के कथित दुरुपयोग में किया जा रहा था। लैपटॉप में ग्राहक डेटाबेस और मामले से जुड़े डिजिटल सबूत मिले हैं।

इसके अलावा छह फर्जी मुहर, नकली दवाइयां और कॉल सेंटर के कामकाज से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि कितने लोगों का डेटा इस्तेमाल किया गया और ठगी का दायरा कितना बड़ा है।

कौन हैं गिरफ्तार किए गए 12 आरोपी?

पुलिस ने इस मामले में अलग-अलग भूमिकाएं निभाने वाले 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।

  • पंकज (30 वर्ष): कॉल सेंटर का टीम लीडर था। रोजाना का कामकाज संभालता था और फरार सरगना लतीफ व ज्योति के निर्देशों पर काम करता था।
  • मुनीर (21 वर्ष): चोरी किए गए ग्राहक डेटा के आधार पर लोगों को फोन करता था।
  • अमित तिवारी (21 वर्ष): ग्राहकों से संपर्क करने और फर्जी ऑर्डर तैयार करने में शामिल था।
  • विवेक (24 वर्ष): चोरी किए गए डेटाबेस के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था।
  • शिवम मंडल (21 वर्ष): खुद को डॉक्टर बताकर लोगों को दवाइयां खरीदने के लिए प्रेरित करता था।
  • समीर कुमार (21 वर्ष): फर्जी कॉल और ऑर्डर तैयार करने में शामिल था।
  • अंशु (21 वर्ष): ग्राहकों को फोन कर दवाइयां खरीदने के लिए झांसे में लेता था।
  • साहिद (21 वर्ष): चोरी किए गए ग्राहक डेटा के आधार पर फोन करता था।
  • ईशांत (21 वर्ष): फर्जी कॉलिंग और ऑर्डर तैयार करने में शामिल था।
  • मोंटी (26 वर्ष): दवाइयों के स्टॉक और पैसों की जिम्मेदारी संभालता था।
  • अंकित (29 वर्ष): सुपरवाइजर और ट्रेनर था। कॉलिंग एजेंट की निगरानी और ट्रेनिंग करता था।
  • सूरज (30 वर्ष): अकाउंटेंट था और कॉल सेंटर के पैसों का हिसाब रखता था।

कंपनी के ग्राहक डेटा की चोरी से शुरू हुआ मामला

इस मामले में 30 अक्टूबर 2026 को स्पेशल सेल थाने में FIR नंबर 259/26 दर्ज की गई थी। अतिया हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि दीपांशु की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शिकायत में कंपनी और उसके डिस्ट्रीब्यूटर के गोपनीय ग्राहक डेटा के कथित तौर पर अवैध इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को पीतमपुरा में चल रहे इस फर्जी कॉल सेंटर और उसके नेटवर्क का पता चला।

फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कंपनी का गोपनीय डेटा आरोपियों तक कैसे पहुंचा, इसका इस्तेमाल कहां-कहां किया गया और इस ठगी के पीछे कितने अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस फरार सरगना लतीफ और ज्योति की तलाश में भी जुटी है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article