देश

थाईलैंड–कंबोडिया बॉर्डर पर विष्णु प्रतिमा पर बुलडोजर कार्रवाई पर फूटा भारत का गुस्सा, MEA ने दी ये चेतावनी

भारत ने कहा कि इस तरह के “अपमानजनक” कृत्य से दुनिया भर में श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं। साथ ही, भारत ने थाईलैंड और कंबोडिया से अपने सीमा विवाद को बातचीत व कूटनीति के जरिए सुलझाने का आग्रह किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने हाल के समय में बनाई गई एक हिंदू देवता की मूर्ति को तोड़े जाने की खबरें देखी हैं, जो थाईलैंड–कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित क्षेत्र में स्थित थी।”

Image

थाईलैंड और कंबोडिया के बॉर्डर पर एक हिंदू देवता की मूर्ति को तोड़ी गई।(फोटो सोर्स: @jignesh03011976)

Photo : Twitter

Hindu Deity Statue Demolition Thailand cambodia Border: भारत ने थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सैन्य संघर्ष के दौरान एक हिंदू देवता की मूर्ति को तोड़े जाने पर बुधवार को चिंता व्यक्त की। भारत ने कहा कि इस तरह के “अपमानजनक” कृत्य से दुनिया भर में श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत होती हैं। साथ ही, भारत ने थाईलैंड और कंबोडिया से अपने सीमा विवाद को बातचीत व कूटनीति के जरिए सुलझाने का आग्रह किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “हमने हाल के समय में बनाई गई एक हिंदू देवता की मूर्ति को तोड़े जाने की खबरें देखी हैं, जो थाईलैंड–कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित क्षेत्र में स्थित थी।”

ऐसी घटनाएं नहीं घटनी चाहिए: भारत

उन्होंने कहा, “हिंदू और बौद्ध देवताओं को पूरे क्षेत्र में लोग गहरी श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजते हैं और यह हमारी साझा सभ्यतागत विरासत का हिस्सा है।” जायसवाल इस मुद्दे पर एक मीडिया के एक प्रश्न का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने आगे कहा, “क्षेत्रीय दावों से इतर, इस तरह के अपमानजनक कृत्य दुनिया भर के श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं और ऐसा नहीं होना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “हम एक बार फिर दोनों पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे शांति बहाल करने, जान-माल और संपत्ति व विरासत को होने वाले नुकसान से बचने के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाएं।”

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी पैदा हो गई है।सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में थाईलैंड की सेना एक एक्सकेवेटर का इस्तेमाल करके नौ-मीटर ऊंची हिंदू देवता की मूर्ति को तोड़ती हुई दिख रही है, जिसे एक चबूतरे पर लगाया गया था। वीडियो पर भारत सहित दुनियाभर के लोगों ने गुस्सा जाहिर किया है।

कंबोडिया ने घटना पर जताई आपत्ति

कंबोडियाई सरकार के प्रवक्ता किम चानपान्हा ने कहा, "यह मूर्ति एन सेस इलाके में हमारे इलाके के अंदर थी।" गूगल मैप के अनुसार, यह पाया गया कि मूर्ति की जगह बॉर्डर लाइन से लगभग 400 मीटर दूर थी। चानपान्हा ने कहा, "हम पुराने मंदिरों और मूर्तियों को तोड़ने की निंदा करते हैं, जिनकी पूजा बौद्ध और हिंदू धर्म के लोग करते हैं।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article