Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Project: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना ने रविवार को उस वक्त रफ्तार पकड़ी जब मुंबई के विक्रोली टनल साइट पर देश की सबसे बड़ी टनल बोरिंग मशीन (TBM) उतारी गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को कहा कि मुंबई के विक्रोली में रेलवे का सबसे बड़ा टीबीएम कटर हेड उतारा गया।
अश्विनी वैष्णव ने 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि मुंबई के विक्रोली में रेलवे का सबसे बड़ा टीबीएम कटर हेड उतारा गया। रेल मंत्री ने इसे भारत की बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए 350 टन और 13.6 मीटर व्यार की इंजीनियरिंग उपलब्धि बताया।
TBM मशीनों से क्या होगा?
अधिकारियों के मुताबिक, विक्रोली टनल साइट पर टीबीएम के कट्टरहेड को सफलतापूर्वक उतारा गया। यह हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के भूमिगत हिस्से के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा। बकौल अधिकारी, करीब 350 टन वजनी और 13.6 मीटर व्यास वाला यह कट्टरहेड TBM के मुख्य शील्ड की प्राथमिक असेंबली का अंतिम चरण है। इस मशीन का इस्तेमाल मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के भूमिगत सेक्शन की खुदाई के लिए किया जाएगा।
समुद्र के नीचे बना रहे सुरंग
परियोजना के लिए 3,000 टन से ज्यादा वजन वाली दो विशाल टीबीएम मशीनों को तैयार किया जा रहा है। ये मशीनें मुंबई में बनने वाली 21 किलोमीटर लंबी सुरंग के 16 किलोमीटर हिस्से का निर्माण करेंगी। इस सुरंग में ठाणे क्रीक के नीचे बनने वाला 7 किलोमीटर लंबा अंडरसी सेक्शन भी शामिल है, जो भारत की पहली समुद्र के नीचे रेल सुरंग होगी। टीबीएम के कट्टरहेड को पांच अलग-अलग शिपमेंट में साइट तक पहुंचाया गया। इसके बाद लगभग 1,600 किलोग्राम हाई-प्रिसीजन वेल्डिंग के जरिए इसे जोड़ा गया।
अधिकारियों के मुताबिक, यह टीबीएम विक्रोली से बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) तक लगभग 6 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस दौरान, मशीन घनी आबादी वाले इलाकों और नदी के नीचे से होकर गुजरेगी। बाद में इसे बीकेसी में निर्माणाधीन मुंबई बुलेट ट्रेन स्टेशन पर निकाला जाएगा।
