शहर

चंडीगढ़ को दहलाने की कोशिश नाकाम, सेक्टर-43 में मिला IED विस्फोटक और हथियार; तीन गिरफ्तार

चंडीगढ़ के सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे संदिग्ध IED और हथियार मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें संदिग्ध विस्फोटक समेत अन्य सामग्री बरामद हुई।

Image

चंडीगढ़ में बड़ा सुरक्षा अलर्ट (प्रतीकात्मक फोटो)

Chandigarh News: चंडीगढ़ के सेक्टर-43 स्थित इंटर-स्टेट बस टर्मिनस (ISBT) के पीछे संदिग्ध IED और हथियार मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पुलिस ने मौके से संदिग्ध विस्फोटक के साथ कुछ अन्य सामग्री बरामद की है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने थाना-36 में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को सेक्टर-43 बस स्टैंड के आसपास संदिग्ध विस्फोटक होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान संदिग्ध IED, हथियार और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस ने पूरी सामग्री को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संदिग्ध विस्फोटक सामग्री को एक में छिपाकर रखा गया था।

तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की उम्र काफी कम है, आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह (उम्र 19 वर्ष), जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप (उम्र 21 वर्ष) और प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (उम्र 19 वर्ष) के तौर पर हुई है। ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 डिटोनेटर, पावर सोर्स और रिमोट कंट्रोल सिस्टम, 1 पिस्तौल और 1 मैगजीन 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उनके पास संदिग्ध विस्फोटक और हथियार कहां से आए और उनका इस्तेमाल किस लक्ष्य से किया जाना था। पुलिस आरोपियों के संपर्कों और उनकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है। प्रारंभिक जांच में संभावित आतंकी साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया गया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।

सेक्टर-43 ISBT और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई

अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री की तकनीकी जांच और आरोपियों से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी। घटना के बाद सेक्टर-43 स्थित ISBT और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सार्वजनिक स्थान होने के कारण पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री की जांच के साथ यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपियों का किसी अन्य व्यक्ति या संगठन से संपर्क तो नहीं था। मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article