प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक विशेष पोस्ट साझा करते हुए भारत और फिलिपिंस के बीच गहरे सांस्कृतिक व ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित किया है। पीएम मोदी ने बताया कि मनीला दौरे के दौरान उन्हें 'बॉम्बे: ए ट्रू-ब्लू फिलिपिनो' (Bombay: A True-Blue Filipino) नामक एक खास पुस्तक भेंट की गई। यह पुस्तक मनीला शहर के सबसे लंबे समय तक मेयर रहे प्रसिद्ध जननेता रमोन डी. बगतसिंग सीनियर की जीवनी है।
मेयर बगतसिंग के बेटे और पूर्व राजदूत ने सौंपी पुस्तक
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी पोस्ट में जानकारी दी कि यह ऐतिहासिक पुस्तक उन्हें मेयर बागात्सिंग के सुपुत्र और भारत में फिलिपिंस के पूर्व राजदूत रमोन एस. बगतसिंग जूनियर और उनके परिवार के सदस्यों द्वारा भेंट की गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स (X) पर लिखा कि "एक पुस्तक और गहरा सांस्कृतिक जुड़ाव। मनीला में मुझे 'बॉम्बे: ए ट्रू-ब्लू फिलिपिनो' पुस्तक की एक प्रति भेंट की गई। यह पुस्तक मनीला के लंबे समय तक मेयर रहे श्री रमोन डी. बागात्सिंग सीनियर की जीवनी है। इसे उनके बेटे, भारत में फिलिपिंस के पूर्व राजदूत श्री रमोन एस. बागात्सिंग जूनियर और उनके परिवार के सदस्यों ने प्रस्तुत किया।"
पंजाब से था पारिवारिक नाता, संघर्ष से लिखी सफलता की इबारत
प्रधानमंत्री ने मेयर रमोन डी. बगतसिंग सीनियर के जीवन और उनके भारतीय कनेक्शन की सराहना करते हुए लिखा कि उनका जीवन साहस, समर्पण और व्यापक सार्वजनिक सेवा की एक मिसाल है। रमोन डी. बागात्सिंग सीनियर के पिता भारत के पंजाब राज्य से ताल्लुक रखते थे। बेहद साधारण और विनम्र पृष्ठभूमि से शुरुआत करने वाले बगतसिंग ने अपने जीवन में द्वितीय विश्व युद्ध की विभीषिका और अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना किया। तमाम संघर्षों से उबरकर उन्होंने खुद को मनीला के सबसे प्रतिष्ठित और सम्मानित सार्वजनिक व्यक्तित्वों में से एक के रूप में स्थापित किया।
बता दें कि बता दें कि फिलहाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य रूप से 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मनीला के दौरे पर गए हैं। इन बहुपक्षीय बैठकों के अलावा, उनके एजेंडे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सहित क्वाड (Quad) देशों के नेताओं के साथ अहम रणनीतिक चर्चाएं भी शामिल हैं।
