दुनिया

80वें स्वतंत्रता दिवस पर भारत को दुनिया का सलाम, पुतिन से लेकर मैक्रों तक ने दीं शुभकामनाएं; जानें किसने क्या कहा

भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुनिया भर के राष्ट्राध्यक्षों ने शुभकामनाएं दीं। फ्रांस, रूस, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों ने भारत के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

Image

भारत को दुनिया का सलाम (फाइल फोटो: AP)

Photo : AP

Independence Day 2026: भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दुनिया भर के कई प्रमुख नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। रूस, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, मालदीव और सिंगापुर सहित कई देशों ने भारत को बधाई दी और अपने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय सहयोग को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता जताई।

पुतिन ने स्वतंत्रता दिवस पर दी बधाई

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपनी भारतीय समकक्ष द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। पुतिन ने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों देशों की रचनात्मक द्विपक्षीय साझेदारी अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और स्थिरता को बढ़ाने में मददगार साबित होगी।

क्रेमलिन की ओर से जारी बयान के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी कहा कि दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध ''विशेष रूप से विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी'' की भावना के साथ सफलतापूर्वक मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह सितंबर में ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका का समूह) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत की यात्रा करने वाले हैं।

पुतिन ने अपने संदेश में कहा, ''आपका देश आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर उचित रूप से काफी प्रतिष्ठा रखता है।'' उन्होंने कहा, ''रूस-भारत संबंध विशेष रूप से विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के तहत सफलतापूर्वक विकसित हो रहे हैं।''

'भारत लगातार हुआ मजबूत'

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा कि आजादी के आठ दशकों में भारत लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बताया। अल्बनीज ने पीएम मोदी की ऑस्ट्रेलिया यात्रा को याद करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते पहले कभी इतने महत्वपूर्ण नहीं रहे।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर बधाई देते हुए कहा, "भारत के लोगों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं!"

मालदीव से भी आई शुभकामनाएं

मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने भी भारत को शुभकामनाएं देते हुए दोनों देशों के बीच करीबी साझेदारी को और आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के आठ दशक वहां की सरकार और जनता की आकांक्षाओं, दृढ़ता और स्थायी भावना को दर्शाती है।

'भारतवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं'

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र 'बालेन' शाह ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंध, लोगों के बीच मजबूत संपर्क और सहयोग आने वाले वर्षों में और मजबूत होते रहें।

भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे ने पीएम मोदी को "बड़ा भाई" बताते हुए भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सरकार और जनता को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत-भूटान की पुरानी दोस्ती और करीबी संबंधों के लगातार मजबूत होने की कामना की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article