देश

प्रियंका गांधी ने पीयूष गोयल से की खास अपील, बोलीं- PM फसल बीमा योजना के तहत कॉफी को करें शामिल

Fasal Bima Yojana: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कॉफी की खेती को शामिल करने का आग्रह किया है। प्रियंका ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र वायनाड के किसानों ने अपनी कॉफी की गुणवत्ता के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हासिल की है, लेकिन उनके भूखंडों के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

Image

वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा (फाइल फोटो)

Fasal Bima Yojana: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कॉफी की खेती को शामिल करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों के कारण फसल के नुकसान के लिए वित्तीय सहायता मिलेगी।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री गोयल को लिखे एक पत्र में प्रियंका ने कहा कि उनके निर्वाचन क्षेत्र वायनाड के किसानों ने अपनी कॉफी की गुणवत्ता के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा हासिल की है, लेकिन उनके भूखंडों के पहाड़ी क्षेत्र में स्थित होने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

प्रियंका गांधी ने क्या कुछ कहा?

उन्होंने कहा कि उन्हें मीडिया में आई खबरों से पता चला है कि कॉफी बोर्ड ने वाणिज्य मंत्रालय को कॉफी को फसल बीमा योजना में शामिल करने का प्रस्ताव भेजा है। उन्होंने अपने पत्र में कहा, “कॉफी उत्पादकों को पुनः रोपण के लिए दी जाने वाली वर्तमान सब्सिडी इस शर्त पर आधारित है कि वे पुराने पौधों को पूरी तरह से उखाड़ दें। पुनः रोपण का यह पहले का तरीका था, लेकिन कॉफी उत्पादकों ने ‘ग्राफ्टिंग’ जैसी अन्य विधियों को अपना लिया है, जिनमें पुनः रोपण के लिए पौधों को पूरी तरह से उखाड़ने की आवश्यकता नहीं होती है।” उन्होंने केंद्र से सब्सिडी की शर्तों में संशोधन करने का भी अनुरोध किया।

प्रियंका ने सरकार से की यह अपील

उन्होंने केंद्रीय मंत्री का ध्यान वायनाड के आदिवासी कॉफी उत्पादकों की दुर्दशा की ओर भी आकर्षित किया और कहा कि हालांकि सरकारी योजना उन्हें सिंचाई के लिए अतिरिक्त सब्सिडी प्रदान करती है, लेकिन मौजूदा सीमा “सिंचाई बुनियादी ढांचे के निर्माण में निवेश करने की उनकी क्षमता को कमजोर करती है”। उन्होंने अपने पत्र में कहा, “मैं सरकार से अनुरोध करती हूं कि वह सब्सिडी की सीमा बढ़ाने पर विचार करे ताकि आदिवासी किसानों के लिए इसका लाभ उठाना संभव हो सके।” प्रियंका ने गोयल से उनके प्रस्तावों पर गौर करने और तत्काल कदम उठाने का अनुरोध किया।

उन्होंने गोयल को लिखे अपने पत्र में कहा, “मैं आपसे यह भी अनुरोध करना चाहूंगी कि कॉफी उत्पादकों को उत्पादकता बढ़ाने में मदद के लिए मौजूदा योजनाओं में निर्धारित शर्तों में संशोधन करने पर विचार करें। भारत में जीवंत कॉफी क्षेत्र को मजबूत करने के आपके प्रयास कॉफी उत्पादकों के लिए सहायक रहे हैं।” उन्होंने लिखा, “यह कदम उन्हें आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक अतिरिक्त सहायता प्रदान करेगा। मैं कॉफी उत्पादक समुदाय को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सहायता देने वाली पहल के लिए कोई भी जानकारी प्रदान करने और अपना समर्थन देने में प्रसन्नता महसूस करूंगी।”

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article