Bihar News: बिहार सरकार (Bihar Government) ने वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के कई अधिकारियों का तबादला किया है जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह जानकारी एक आधिकारिक अधिसूचना से मिली। राज्य के गृह विभाग द्वारा सोमवार देर शाम जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी पंकज कुमार राज (Pankaj Kumar Raj) को महानिरीक्षक (रेलवे) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह वर्तमान में नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के महानिरीक्षक (आईजी) हैं।
आईपीएस अधिकारी एस. प्रेमलता (वर्ष 2006 बैच) को आईजी (मद्यनिषेध) नियुक्त किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें-ममता का नया दांव, कल्याण बनर्जी को नियुक्त किया लोकसभा में मुख्य सचेतक, क्या आएगा नया ट्विस्ट?
आईपीएस संजय कुमार को अतिरिक्त प्रभार
अधिसूचना के अनुसार, विशेष शाखा के आईजी एवं वर्ष 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी संजय कुमार को आईजी (बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अनुसार 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधीर कुमार पोरिका को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो (एससीआरबी) का उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) नियुक्त किया गया है।
सुशांत कुमार सरोज बने ATS डीआईजी
अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2012 बैच आईपीएस अधिकारी सुशांत कुमार सरोज को बिहार पुलिस के आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) में डीआईजी नियुक्त किया गया है। इससे पहले बिहार सरकार ने 22 मई को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए विभिन्न विभागों में तैनात कई आईएएस अधिकारियों का तबादला किया था अथवा उन्हें अतिरिक्त प्रभार सौंपा था।
कानून व्यवस्था पर खासा जोर
पुलिस विभाग में यह फेरबदल ऐसे समय में किया गया है जब राज्य में कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियां चल रही हैं। माना जा रहा है कि नई तैनातियों से विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने की कोशिश की गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखना चाहते हैं। बिहार सरकार का दावा है कि वह कानून-व्यवस्था पर वह जीरो टॉलरेस की नीति पर काम कर रही है। पुलिस गुर्गों एवं आपराधिक संगठनों के खिलआफ काम कर रही है। कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं।
