देश

ये गंदगी बोलेंगे तो गंदगी सुनेंगे- खरगे के सपोर्ट में उतरे इमरान मसूद, पंडित नेहरू पर दिए गए बयानों की दिलाई याद

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि विपक्ष अब भाजपा के राजनीतिक हमलों पर चुप नहीं बैठेगा और करारा जवाब देगा।

Image

कांग्रेस नेता इमरान मसूद (फोटो- Imranmasoodinc)

सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का पुरजोर समर्थन करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर खरगे की विवादित टिप्पणी के बाद मसूद ने स्पष्ट किया कि विपक्ष अब सत्तारूढ़ दल के राजनीतिक हमलों पर चुप नहीं बैठेगा और उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। मसूद ने पटना की एक रैली के दौरान दिए खरगे के बयान का बचाव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेता लंबे समय से राजनीतिक मर्यादाओं को लांघते रहे हैं, लेकिन अब विपक्ष उन्हें करारा जवाब देगा।

खरगे के सपोर्ट में इमरान मसूद

Times Now नवभारत से बात करते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने खरगे के सपोर्ट में कहा, "क्या कह दिया...मोदी जी का बाप, बाप है, हमारा बाप, बाप नहीं है। वाह भाई वाह! नेहरू जी को ये गाली बकते हैं, संसद में खड़े होकर, बेशर्म, बेहाया लोग। इनसे ज्यादा बोलेंगे। अगर ये गंदगी बोलेंगे तो गंदगी सुनेंगे। अटल जी पीएम थे, उनके टाइम पर कभी कुछ हुआ? गंदगी बिखेर कर रखी दी, इन्होंने पूरे देश में।"

गौरतलब है कि रविवार को पटना में एक सभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल से जुड़े एक सवाल पर खरगे ने विवादित बयान दिया था, जिसके बाद से भाजपा उन पर हमलावर है और माफी की मांग कर रही है।

यूपी में सीटों के बंटवारे और बैनर विवाद पर दिया बयान

लखनऊ स्थित कांग्रेस राज्य मुख्यालय के बाहर 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी द्वारा 200 सीटों का दावा करने वाले पोस्टरों और बैनरों पर मसूद ने सफाई दी। इन पोस्टरों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इमरान मसूद की तस्वीरें लगी थीं, जिससे समाजवादी पार्टी (SP) के साथ INDIA गठबंधन में खटास की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। इन अटकलों को खारिज करते हुए मसूद ने कहा, "यह भाजपा के डर और बौखलाहट को दर्शाता है। भाजपा गठबंधन की ताकत से घबरा गई है और अफवाहें फैला रही है। हमारा गठबंधन अटूट है और हम मिलकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे। सीटों का बंटवारा कोई मुद्दा नहीं है; जब दिलों में जगह होती है, तो सब रास्ते निकल आते हैं।"

जामिया मिल्लिया इस्लामिया विवाद और प्रशासन पर आरोप

जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में जारी गतिरोध और कथित नारों के मुद्दे पर इमरान मसूद ने कुलपति (VC), रजिस्ट्रार और प्रॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि परिसर में छात्रों को भोजन तक नहीं मिल पा रहा है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। मसूद ने सवाल उठाया, "विश्वविद्यालय में लगे कथित नारों और पोस्टरों के लिए प्रशासन जिम्मेदार है। सीसीटीवी कैमरे क्यों हटाए गए? प्रशासन छात्रों को अकेले समझने की भूल न करे, पूरा देश उनके साथ खड़ा है।" उन्होंने चेतावनी दी कि वह इस मामले को कानूनी रूप से लड़ने के साथ-साथ संसद में भी प्रमुखता से उठाएंगे।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article