गुजरात के अहमदाबाद में तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। जहां एक फोर्ड एंडेवर कार सड़क किनारे खड़ी बाइकों और घर के बाहर खाट पर सो रहे एक शख्स से टकरा गई। टक्कर के बाद कार ने कई दोपहिया वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आखिर में कार एक मकान की दीवार से जा टकराई और रुक गई। इस खौफनाक हादसे का वीडियो (Video) भी सामने आया है। जिसमें घटनास्थल की स्थिति देखने को मिल रही है।
हादसे में दो लोग हुए घायल
जानकारी के मुताबिक, यह घटना रविवार, 25 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। हादसे में फिलहाल दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। जिसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हादसे में चार दोपहिया वाहन और मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इस हादसे में कुल नुकसान करीब 85 हजार रुपये का हुआ है। मामले के लेकर अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
घर के बाहर खाट पर सो रहा था शख्स
जानकारी के मुताबिक, यह घटना पालड़ी रिवरफ्रंट के पास मणिबेन की चाली और न्यू वर्षा फ्लैट के नजदीक हुई। रविवार रात करीब 9 बजे एक फोर्ड एंडेवर (Ford Endeavour) कार तेज रफ्तार से वहां पहुंची। शिकायत के अनुसार, उस समय एक शख्स अपने घर के बाहर खाट पर सो रहा था। उसकी बाइक भी घर के सामने खड़ी थी। तभी कार ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक खाट से जा भिड़ी और उस पर सो रहा शख्स नीचे गिर गया। इस हादसे में उसे चोटें आईं।
चार दोपहिया वाहनों को मारी टक्कर
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाइक और खाट से टकराने के बाद भी कार नहीं रुकी। कार चालक ने आगे खड़े दूसरे दोपहिया वाहनों को भी टक्कर मार दी। इस हादसे में कुल चार दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें शिकायतकर्ता की बाइक, उनके बेटे के नाम पर रजिस्टर्ड बाइक और दो अन्य वाहन शामिल हैं। इसके बाद तेज रफ्तार कार बलदेवजी बाबूजी ठाकोर के मकान की दीवार से जा टकराई। दीवार को भी नुकसान पहुंचा। कार के रुकने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
दो लोग घायल, अस्पताल में कराया गया इलाज
हादसे में शिकायतकर्ता और चंदूभाई कालूभाई नायक को चोटें आईं। घटना के बाद दोनों को 108 एंबुलेंस की मदद से वी.एस. अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। राहत की बात यह रही कि दोनों घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से जाने दिया गया।
85 हजार रुपये के नुकसान का दावा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस हादसे में चार दोपहिया वाहनों के साथ मकान की दीवार को भी नुकसान पहुंचा है। वाहनों और दीवार की मरम्मत पर करीब 85 हजार रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है।
ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के संबंध में अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस के N डिवीजन में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस शिकायतकर्ता, घायल व्यक्ति और क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
