देश

खरगे के 'मोदी का बाप भी जाएगा' बयान पर बवाल, पटना में शिकायत दर्ज, BJP बोली- कांग्रेस अब पार्टी नहीं, माफिया गैंग जैसी

BJP की बिहार प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने खरगे की टिप्पणी को प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अभद्र बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Image

बीजेपी ने मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासी विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने रविवार को पटना के कोतवाली थाने में खरगे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष के बयान को अभद्र और राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से लेकर जेपी नड्डा, संबित पात्रा, योगी आदित्यनाथ से लेकर पार्टी के कई सीएम और सांसदों ने भी खरगे की टिप्पणी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज

BJP की बिहार प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ पटना के कोतवाली थाने में शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ने खरगे की टिप्पणी को प्रधानमंत्री के परिवार के प्रति अभद्र बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के खिलाफ की गई टिप्पणी उनकी मानसिक दिवालियापन को दर्शाती है। कृष्ण कुमार सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि उन्हें 24 घंटे के भीतर माफी मांगनी चाहिए, वरना बीजेपी पूरे देश में बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।

पटना के कार्यक्रम में क्या बोले थे मल्लिकार्जुन खरगे?

विवाद बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान खरगे की टिप्पणी से शुरू हुआ। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठा रहे थे। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा।

इसी दौरान कथित तौर पर दर्शकों में मौजूद एक व्यक्ति ने बीच में टोकते हुए कहा कि जब तक बगावत नहीं होगी, मोदी कहीं नहीं जाएंगे। इस पर खरगे ने मंच से जवाब देते हुए कहा, “मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।

नितिन नवीन बोले- देश की जनता जवाब देगी

वहीं, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने खरगे के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि देश की जनता इस तरह की राजनीति पर नजर रख रही है और उचित समय पर इसका जवाब देगी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति सार्वजनिक मंच से इस्तेमाल की गई भाषा कांग्रेस की वैचारिक कमजोरी को दर्शाती है। नवीन ने कहा कि राजनीतिक विरोध की भी एक मर्यादा होती है, लेकिन दिवंगत परिजनों को भाषणों में घसीटना राहुल गांधी और विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बनता जा रहा है।

BJP ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से भी खरगे पर निशाना साधा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा गुंडों और उपद्रवियों जैसी है। BJP ने यह भी कहा कि कांग्रेस की कार्यशैली अब राजनीतिक दल के बजाय माफिया गिरोह जैसी दिखाई देने लगी है।

अमित शाह का आरोप- कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खरगे के बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि पटना में प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर टिप्पणी करके कांग्रेस अध्यक्ष ने सार्वजनिक जीवन की मर्यादाओं का उल्लंघन किया है। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करती रही है। शाह ने दावा किया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं पार कर रही है। शाह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में लगातार चुनावी हार से पार्टी में निराशा बढ़ी है और उसके पास नीतियों तथा मुद्दों के बजाय विरोधियों पर व्यक्तिगत हमले करने का रास्ता बचा है।

जेपी नड्डा ने भी की टिप्पणी की निंदा

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने खरगे की टिप्पणी को आपत्तिजनक बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी चुनावी हार से उपजी राजनीतिक नाराजगी प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ टिप्पणियों के जरिए जाहिर कर रही है। नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के खिलाफ की गई टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने दावा किया कि इस तरह की भाषा प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि देश के लोगों का भी अपमान है। नड्डा ने कहा कि नफरत और अपमान की राजनीति से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।

संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

वहीं, भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी खरगे के बयान पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इशारे पर प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां कर रहे हैं। पात्रा ने दावा किया कि कांग्रेस नेतृत्व सत्ता परिवर्तन की कोशिशों में नाकाम रहने से निराश है और यही हताशा उसके बयानों में दिखाई दे रही है। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक विरोध के नाम पर व्यक्तिगत हमले करने का आरोप लगाया।

रविशंकर प्रसाद ने की सोनिया और राहुल गांधी से माफी की मांग

BJP सांसद रविशंकर प्रसाद ने खरगे की टिप्पणी को शर्मनाक, गरिमा के खिलाफ और ओछा बताया। उन्होंने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से इस बयान के लिए माफी मांगने की मांग की। प्रसाद ने कहा कि देश की जनता इस तरह की राजनीति देख रही है और लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। उन्होंने हालिया उपचुनावों और नगर निकाय चुनावों का हवाला देते हुए कांग्रेस के राजनीतिक भविष्य पर भी निशाना साधा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!