यात्रीगण कृपया ध्यान दें! भारतीय रेलवे 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आ रही है। जी हां यह वह दिन हैं, जब देश की दूसरी और तीसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत होगी। दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन धार्मिक नगरी वाराणसी से देश की राजधानी नई दिल्ली के बीच और तीसरी ट्रेन आर्थिक राजधानी मुंबई से बेंगलुरु के बीच चलेगी। इन सेवाओं से लंबी दूरी की रात की यात्रा करने वाले यात्रियों को आधुनिक एसी स्लीपर कोच में सफर करने का विकल्प मिलेगा। बता दें कि इससे पहले जनवरी 2026 में ही देश की पहली Vande Bharat Sleeper ट्रेन हावड़ा–कामाख्या (गुवाहाटी) रूट पर शुरू हुई थी। चलिए जानते हैं इन दोनों सेवाओं के बारे में -
वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत स्लीपर
वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन 31 अक्टूबर को प्रस्तावित है। ट्रेन नंबर 27421 वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होकर अगली सुबह 5:55 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस तरह प्रस्तावित टाइम-टेबल के मुताबिक यात्रा में लगभग 9 घंटे 5 मिनट लगेंगे।
वापसी में ट्रेन नंबर 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:45 बजे वाराणसी पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन प्रयागराज और कानपुर सेंट्रल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन में कुल 16 एसी कोच और लगभग 823 यात्रियों के लिए बर्थ होने की जानकारी है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश, प्रयागराज और कानपुर के यात्रियों को दिल्ली पहुंचने के लिए रात में सफर करने का विकल्प मिलेगा।
मुंबई-बेंगलुरु स्लीपर ट्रेन
रेलवे की योजना के मुताबिक, तीसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का उद्घाटन 1 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से किया जाएगा। प्रस्तावित जानकारी के अनुसार, मुंबई से ट्रेन रात 8:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:55 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। लगभग 1118 किलोमीटर की यह दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 16 घंटे का समय लगेगा।
अपने इस रूट पर वंदे भारत स्लीपर कल्याण, पुणे, सोलापुर और कलबुर्गी सहित प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगा और यात्रियों को चढ़ने व उतरने की सुविधा मिलेगी। ट्रेन में कुल 16 एसी कोच और लगभग 823 बर्थ होंगी। हालांकि, यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले रेलवे की अंतिम टाइम-टेबल और स्टॉपेज की पुष्टि करनी चाहिए। इस ट्रेन से मुंबई और बेंगलुरु के बीच यात्रा समय में मौजूदा ट्रेनों की तुलना में कई घंटे की बचत होने की उम्मीद है।
जनवरी में हुई थी शुरू पहली वंदे भारत स्लीपर
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन हावड़ा और कामाख्या के बीच जनवरी 2026 में शुरू हुई थी। इसकी नियमित सेवा 22 जनवरी से चालू हुई। रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन में 16 एसी कोच और लगभग 823 यात्रियों की क्षमता है। यह ट्रेन कुल 972 किमी के सफर को लगभग 14 घंटे में तय करती है।
क्या हैं वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की खासियतें?
वंदे भारत स्लीपर को लंबी दूरी के रात के सफर को अधिक आरामदायक बनाने के लिए तैयार किया गया है। इसमें 11 थर्ड एसी, 4 सेकंड एसी और 1 फर्स्ट एसी कोच होते हैं। ट्रेन में कवच सुरक्षा प्रणाली, इमरजेंसी टॉक-बैक और बेहतर फायर सेफ्टी जैसी सुविधाएं दी गई हैं। इसकी डिजाइन स्पीड 180 किलोमीटर प्रति घंटा और परिचालन स्पीड 160 किलोमीटर प्रति घंटा तक है।
दो नई सेवाओं के शुरू होने से प्रीमियम स्लीपर रेल नेटवर्क के विस्तार की उम्मीद है। दोनों उद्घाटन कार्यक्रमों में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ सकते हैं।
