Omar Abdullah : जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि जम्मू कश्मीर विधानसभा यदि राज्य का नाम बदलकर कुछ और रखने का प्रस्ताव रखती है तो केंद्र सरकार को इस नाम पर भी विचार करना चाहिए। उमर ने कहा कि केरल का नाम केरलम हो गया और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल का नाम बदलने की बात कह रही हैं। ऐसे में जम्मू-कश्मीर विधानसभा भी राज्य का नाम बदलने का प्रस्ताव कर सकती है। बता दें कि केरल का नाम बदलकर केरलम करने वाले वामपंथी सरकार के प्रस्ताव को केंद्रीय कैबिनेट ने मंगलवार को अपनी मंजूरी दे दी। अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि वह भी राज्य का नाम बदलकर 'बंगाल' रखना चाहती हैं।
कैबिनेट ने 'केरलम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने केरल का नाम बदलकर 'केरलम’ करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय केरल विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। यह नए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) परिसर ’सेवा तीर्थ’ में आयोजित मंत्रिमंडल की पहली बैठक थी। वैष्णव ने बताया कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में केरल राज्य का नाम बदलकर ’केरलम’ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।
केरल में इस साल अप्रैल में चुनाव
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रिमंडल के निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह राज्य की जनता की इच्छा को दर्शाता है। उन्होंने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, 'यह हमारी गौरवशाली संस्कृति से जुड़ाव को मजबूत करने के हमारे प्रयासों के अनुरूप है।’ केरल विधानसभा चुनाव इस साल अप्रैल में होना है। 140 सदस्यीय वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 23 मई को समाप्त हो रहा है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 नामक विधेयक को भारत के संविधान के अनुच्छेद 3 के प्रावधान के तहत विचार व्यक्त करने के लिए केरल राज्य विधानसभा को भेजेंगी।
चुनाव को ध्यान में रखे बिना निर्णय -वैष्णव
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, केरल विधानसभा के विचार प्राप्त होने के बाद, भारत सरकार केरल का नाम बदलकर 'केरलम’ करने हेतु केरल (नाम परिवर्तन) विधेयक, 2026 को संसद में प्रस्तुत करने के लिए राष्ट्रपति की अनुशंसा प्राप्त करेगी। यह पूछे जाने पर कि केरल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस तरह का निर्णय क्यों लिया गया है, वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल चुनाव को ध्यान में रखे बिना निर्णय लेता है। उन्होंने कहा, 'केरल में नए रेल कॉरिडोर स्थापित करने और वंदे भारत ट्रेन शुरू करने के फैसले तब लिए गए थे, जब चुनाव नहीं थे। चुनाव होंगे, लेकिन देश के हित में सभी निर्णय लिए जाएंगे।’
