देश

Exclusive: 'PM मोदी के भरोसे पर खरा उतरने की करूंगा कोशिश', BJP के कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर बोले नितिन नबीन

BJP National Working President: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन की नियुक्ति की सूचना मिलने पर पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल छा गया। इस बीच, बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत की जिसमें उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे।

Image

भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन (फोटो साभार: PTI)

Photo : PTI

BJP National Working President: भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए नितिन नबीन की नियुक्ति की सूचना मिलने पर पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल छा गया और बधाई संदेशों की बाढ़ आ गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को एक मेहनती कार्यकर्ता बताया। पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित तमाम भाजपा पदाधिकारियों और नेताओं ने नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी।

इस बीच, बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने टाइम्स नाउ नवभारत के साथ एक्सक्लूसिव बातचीत में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। साथ ही पार्टी और संगठन के लिए काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का मुझ पर भरोसा है और उसी को आगे बढ़ाने का काम करूंगा।

नितिन नबीन ने क्या कुछ कहा?

जब टाइम्स नाउ के पत्रकार साकेत कुमार ने उनकी भूमिका से जुड़ा सवाल किया तो उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का भरोसा है और उसी भरोसे की दृष्टि से काम करूंगा। रोडमैप से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले हम कार्यकारी अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण कर लें, उसके बाद इस पर काम करेंगे।

वहीं, नियुक्ति की जानकारी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह जी का आशीर्वाद है। साथ ही भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा जताए गए भरोसे को लेकर भी आभार जताया और कहा कि पीएम मोदी और केंद्रीय नेतृत्व ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा।

PM मोदी ने नितिन नबीन को दी बधाई

पीएम मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में नितिन नबीन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन जी ने एक मेहनती कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वह एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है तथा बिहार में कई बार विधायक व मंत्री के रूप में उनका प्रभावशाली रिकॉर्ड है। नबीन ने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक प्रयास किया है। पीएम मोदी ने कहा, “वह (नबीन) अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूत करेंगे। भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”

कौन हैं नितिन नबीन?

नितिन नबीन को उनके पिता और भाजपा के दिग्गज नेता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के कारण खाली हुई पटना पश्चिम विधानसभा सीट से महज 26 साल की उम्र में चुनाव मैदान में उतारा गया था। तब से लेकर लगभग दो दशकों में नबीन (45) बदले नाम वाले बांकीपुर से लगातार जीत के बाद पांच बार विधायक रह चुके हैं। कायस्थ समुदाय से आने वाले नबीन वर्तमान में बिहार में पथ निर्माण मंत्री हैं।

nitin nabin

भाजपा के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन

नितिन नबीन को छत्तीसगढ़ और सिक्किम के प्रभारी के रूप में काम करने का अनुभव है। छत्तीसगढ़ में भी पार्टी के पुनरुद्धार में उनकी भूमिका की भाजपा हलकों में काफी सराहना की गई। झारखंड के रांची में जन्मे नबीन के एक बेटा और एक बेटी हैं। उन्हें चुनावों में भारी बहुमत से जीत हासिल करने के लिए जाना जाता है, जिसकी शुरुआत 2006 में हुए पहले उपचुनाव से हुई थी, जिसमें उन्होंने लगभग 60,000 वोटों से जीत दर्ज की थी। इस साल के अंत में हुए उपचुनाव में उन्होंने 51,000 से अधिक वोटों से जीत हासिल की। सनद रहे कि जेपी नड्डा को जनवरी 2020 में भाजपा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और वह अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। नड्डा को 2024 के लोकसभा चुनावों तक पार्टी का नेतृत्व करने के लिए कार्यकाल विस्तार दिया गया था।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!