देश

तीन बार मंत्री...पांच बार विधायक, नितिन नबीन को भाजपा ने बनाया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष; अब नड्डा की लेंगे जगह

बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पार्टी राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने इसकी जानकारी दी। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक नितिन की भाजपा संगठन में भी अच्छी पैठ है।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नबीन।

भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने नितिन नबीन।

उत्तर प्रदेश में भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद अब भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में भगवा पार्टी ने बिहार में मंत्री नितिन नवीन सिन्हा को बड़ी जिम्मेदारी दी है। भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। बांकीपुर विधानसभा से पांचवी बार विधायक नितिन कायस्थ बिरादरी से आते हैं। इतना ही नहीं हालिया विधानसभा चुनावों के बाद वे तीसरी बार मंत्री बनाए गए थे।

राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने जारी किया बयान

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि भाजपा के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को तत्काल प्रभाव से भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नबीन को इस पद के लिए चुना है।

कौन हैं नितिन नबीन

नितिन नबीन बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री हैं। उनके पिता स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा का नाम भी भाजपा के दिग्गज नेताओं में गिना जाता है। नितिन की उम्र इस समय 45 साल की है। ऐसे में देखा जाए तो वह भाजपा अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने वाले सबसे कम उम्र के नेता हैं। इससे पहले सबसे कम उम्र में यह जिम्मेदारी संभालने वाले नेता अमित शाह थे, उन्होंने 50 साल की उम्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी।

नितिन नबीन का राजनैतिक सफर। फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत

नितिन नबीन का राजनैतिक सफर। फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत

शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे को दी थी करारी शिकस्त

नितिन नबीन की गिनती बिहार के प्रभावशावी नेताओं में होती है। उन्होंने साल 2020 के विधानसभा चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा को करारी शिकस्त दी थी। तब उन्होंने लगभग 84000 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। वहीं, हाल ही में संपन्न हुए राज्य के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राजद प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51936 वोटों से हराया था। नितिन 2006 के उपचुनाव में पटना वेस्ट जीत दर्ज कर बिहार विधानसभा पहुंचे थे।

छत्तीसगढ़ चुनाव में निभाई थी अहम भूमिका

नितिन नबीन को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर भाजपा ने चौंकाया जरूर है, लेकिन भाजपा में नितिन नबीन के कद का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि पार्टी ने नितिन को छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को प्रभारी बनाया था। उनके नेतृत्व में भाजपा ने बड़ी जीत भी दर्ज की।

संगठन में भी नितिन की है अच्छी पैठ। फोटो- टाइम्स नाउ नवभारत

संगठन में भी नितिन की है अच्छी पैठ।

जेपी नड्डा की लेंगे जगह

भाजपा इस समय संगठनात्मक फेरबदल के दौर से गुजर रही है। मौजूदा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का मूल कार्यकाल पूरा हुए भी काफी समय हो चुका है। नड्डा ने जनवरी 2020 में इस पद को संभाला था। अपने कार्यकाल में उन्होंने भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव सहित बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा समेत कई राज्यों में जीत दिलवाई। जून 2024 में नड्डा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें विस्तार दिया गया था। अब जब तक नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं होती तब तक नितिन ही, इस पद को संभालेंगे।

पीएम मोदी ने दी बधाई

पीएम मोदी ने बिहार के युवा नेता नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है। उन्होंने एक पोस्ट में कहा कि नितिन नबीन ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article