Rahul Gandhi 2 Years LoP: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के तौर पर दो साल पूरे होने पर राहुल गांधी का एक भावुक पोस्ट सामने आया। इस पोस्ट में रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने छात्रों से लेकर आम आदमी तक से जुड़े मुद्दों को उठाने की बात कही है। राहुल गांधी ने कहा कि मैं आपके लिए हर लड़ाई लड़ता रहूंगा।
क्या कुछ बोले राहुल गांधी?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, ''लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आज दो साल पूरे हुए। इन दो सालों का हर दिन एक ही काम के लिए समर्पित रहा- हर भारतीय की आवाज को सत्ता तक पहुंचाना।''
उन्होंने कहा कि नीट के छात्रों की लड़ाई हो, वोट चोरी का पर्दाफाश हो या संविधान की रक्षा, हर मोर्चे पर आपके साथ खड़ा रहा, आज भी हूं, हमेशा रहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि सड़क से संसद तक, आपका भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। सफर लंबा है, पर संकल्प वही, आपके लिए हर लड़ाई लड़ता रहूंगा। जय हिंद, जय संविधान।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हम कांग्रेस के पक्के सिपाही', सोनिया गांधी से मिले प्रताप सिंह बाजवा सहित अन्य नेता; पंजाब चुनाव की तैयारियां हुईं तेज
इससे पहले, कांग्रेस ने लोकसभा में राहुल गांधी के बतौर नेता प्रतिपक्ष दो साल पूरे होने पर 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया। साथ ही कहा कि राहुल गांधी ने इस सफर में युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों और गरीबों समेत समाज के हर वर्ग की आवाज उठाई और सड़क से लेकर संसद तक लोगों के हक की लड़ाई लड़ी है।
कांग्रेस ने एक बयान जारी कर कहा कि देश में अन्याय के खिलाफ जननेता की लड़ाई में हम सब उनके साथ हैं और पक्के इरादे के साथ लोगों के हक की आवाज को बुलंद करते रहेंगे।
