देश

20 फरवरी को असम जा सकते हैं अमित शाह, 20 दिनों में दूसरा दौरा; विधानसभा चुनाव की तैयारियों को देंगे धार

अपने दो दिवसीय असम दौरे के दौरान अमित शाह सिलचर में 'वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम'(VVP) के दूसरे चरण के तहत एक योजना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे अगले दिन गुवाहाटी पहुंचेंगे,जहां वे सीआरपीएफ के वार्षिक दिवस परेड में हिस्सा लेंगे।

Image

अमित शाह (Image Source: PTI)

असम में इस साल विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। अपनी तैयारियों के क्रम में पीएम मोदी के बाद अब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी असम का दौरा करने वाले हैं। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 20 फरवरी को असम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। उनका दौरा बराक घाटी के कछार जिले के सिलचर से शुरू होगा। इस दौरान वे राज्य में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

'वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम'के तहत करेंगे योजना की शुरुआत

अपने दो दिवसीय असम दौरे के दौरान अमित शाह सिलचर में 'वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम'(VVP) के दूसरे चरण के तहत एक योजना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे अगले दिन गुवाहाटी पहुंचेंगे,जहां वे सीआरपीएफ के वार्षिक दिवस परेड में हिस्सा लेंगे। परेड के दौरान सीआरपीएफ की ओर से हथियारों का प्रदर्शन और छत्तीसगढ़ तथा कश्मीर में किए गए अभियानों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।

असम में सीआरपीएफ भर्ती केंद्र खोलने की योजना

असम सीएम ने यह भी कहा कि एनसीसी कैडेट्स को परेड देखने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा,ताकि वे अर्धसैनिक बलों में शामिल होने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने बताया कि असम पुलिस में नौकरियों के लिए युवा बड़ी संख्या में आवेदन करते हैं, लेकिन सीआरपीएफ में कम रुचि दिखाते हैं। इसे देखते हुए राज्य में सीआरपीएफ भर्ती केंद्र खोलने की योजना बनाई गई है। इसके लिए धेमाजी जिले में जमीन भी अधिग्रहित कर ली गई है।

बीते दिन पीएम मोदी ने किया था असम का दौरा

गौरतलब है कि असम में इस साल विधानसभा चुनाव होना है, जिसमें अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में भाजपा अपनी तैयारियों में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती है। इसी लिए एक के बाद एक उसके शीर्ष नेता पूर्वोत्तर के इस राज्य का दौरा कर रहे हैं। बीते दिन पीएम मोदी ने भी असम का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने वहां इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी और कुमार भास्कर सेतु का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने कई अन्य योजनाओं की भी सौगात राज्य को दी।वहीं गृह मंत्री शाह ने भी इससे पहले 30 जनवरी को असम का दौरा किया था। राज्य में हालिया विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनका यह संभावित दौरा राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article