Himachal Pradesh Cabinet: हिमाचल में कल यानि रविवार को मंत्रीमंडल का गठन होगा। राज्यपाल ने मंत्रियों के शपथ के लिए तैयारी के निर्देश दे दिए हैं। पीटीआई ने राजभवन के सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने राजभवन के सूत्रों के हवाले से बताया कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह 8 जनवरी को सुबह 10 बजे यहां राजभवन में होगा। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर शपथ दिलाने के बाद गोवा के लिए रवाना होंगे और 12 जनवरी को वापस आएंगे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इससे पहले दिन में कहा था कि उन्होंने अपने मंत्रालय में शामिल करने के लिए संभावितों की सूची कांग्रेस आलाकमान को मंजूरी के लिए सौंप दी है।
सुक्खू ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा-"सूची आलाकमान को सौंप दी गई है और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा सूची को मंजूरी दिए जाने के बाद ही विस्तार किया जाएगा। सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह रविवार या बाद में संभव है।"
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद लगभग एक महीने पहले सुक्खू और उनके डिप्टी मुकेश अग्निहोत्री के शपथ लेने के बाद से नए मंत्रियों के नामों को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। मंत्रिपरिषद में 10 रिक्तियां हैं। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित मंत्रियों की कुल संख्या 12 से अधिक नहीं हो सकती है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने 11 दिसंबर, 2022 को शपथ ली थी।
कांग्रेस ने 68 विधानसभा सीटों में से ऊना, सोलन और हमीरपुर में चार-चार, सिरमौर में तीन, चंबा और कुल्लू में दो-दो और मंडी, बिलासपुर, किन्नौर और लाहौल और स्पीति जिलों में एक-एक सीट सहित 40 सीटों पर जीत हासिल की है।
