देश

सूर्य मंदिर के लिए ही नहीं, अब इस बात के लिए जाना जाएगा मोढेरा, PM देंगे 'तोहफा'

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 9, 2022, 07:33 PM IST

गुजरात के मोढेरा में स्थित सूर्य मंदिर भगवान सूर्य के लिए समर्पित है। इस मंदिर के निर्माण में उच्च कोटि की शिल्प कला का प्रयोग किया गया है। इस मंदिर में सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक सूर्य की किरणें पड़ती है। मंदिर में सूर्य कुंड, गूढ़ मंडप और सभा मंडप बना हुआ है।

Image

मोढेरा सूर्य मंदिर (फोटो- gujarat tourism)

अभी तक गुजरात का मोढेरा, ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के लिए जाना जाता था, लेकिन अब इसकी पहचान बदलने वाली है। मोढेरा भारत का पहला ऐसा गांव होगा जहां बिजली पूरी तरह से सोलर प्लांट से आएगी। शनिवार को पीएम मोदी इसका उद्घाटन करने वाले हैं।

कितना आया खर्च

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 अक्टूबर को गुजरात के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान मोढेरा को देश का पहला चौबीसों घंटे सौर ऊर्जा से चलने वाला गांव घोषित करेंगे। इस परियोजना पर केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा 80.66 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस) स्थापित करने के लिए सरकार ने सज्जनपुरा गांव में 12 हेक्टेयर भूमि आवंटित की है। मोढेरा में आवासीय घरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं। दिन के समय गांव को सौर ऊर्जा मिलेगी और रात में इसे बीईएसएस द्वारा संचालित किया जाएगा।

सूर्य मंदिर के लिए भी व्यवस्था

मोढेरा अपने ऐतिहासिक सूर्य मंदिर के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां हजारों पर्यटक हर साल आते हैं और ऐतिहासिक सूर्य मंदिर और उसकी शिल्प कला को देखकर चकित रह जाते हैं। इस मंदिर के लिए भी इस परियोजना में व्यवस्था की गई है। इस मंदिर को हेरिटेज लाइटिंग और 3डी प्रोजेक्शन से सुसज्जित किया गया है। ये भी सौर ऊर्जा पर ही काम करेंगे।

सरकार का दावा

गुजरात सरकार ने कहा कि यह परियोजना मोढेरा को शुद्ध अक्षय ऊर्जा जनरेट करने वाल भारत का पहला गांव बना देगी। सरकार ने कहा कि यह दर्शाता है कि अक्षय ऊर्जा जमीनी स्तर पर लोगों को कैसे सशक्त बना सकती है। इस कदम से गांव के लोग अपने बिजली बिलों में 60% से 100% की बचत कर सकते हैं। गुजरात सरकार के अनुसार, पीएम मोदी सौर ऊर्जा से चलने वाले 3-डी डिस्प्ले को समर्पित करेंगे, जो पर्यटकों को मोढेरा के इतिहास से अवगत कराएगा।

कहां है मोढेरा

मोढेरा गांव गुजरात के मेहसाणा जिले से 25 किमी और राज्य की राजधानी गांधीनगर से लगभग 100 किमी दूर स्थित है। गांव का कुल भौगोलिक क्षेत्रफल लगभग 2,436 हेक्टेयर है और यह राज्य में पुष्पावती नदी के तट पर स्थित है। अब यह देश का पहला सौर ऊर्जा से चलने वाला गांव होगा।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article