देश

गुजरात CM भूपेंद्र पटेल ने NCC Leadership Academy भवन का किया लोकार्पण

5 करोड़ रुपए की लागत से पहले चरण का निर्माण, 200 कैडेट्स के लिए आवास और प्रशिक्षण की व्यवस्था होगी वहीं दूसरे चरण के निर्माण के बाद क्षमता बढ़कर 600 कैडेट्स की हो जाएगी।

Image

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल (फोटो: Twiter)

Gujarat NCC Leadership Academy: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को आणंद जिले के नावली दहेमी रोड पर 5 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) लीडरशिप एकेडमी के आधुनिक भवन का लोकार्पण किया। बताया जा रहा है कि नावली स्थित एनसीसी लीडरशिप एकेडमी एनसीसी कैडेट्स में नेतृत्व, अनुशासन और जिम्मेदार नागरिक के गुण विकसित करने का केंद्र बनेगी।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के आर्थिक सहयोग से निर्मित इस आधुनिक भवन का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जाना। उन्होंने एनसीसी लीडरशिप एकेडमी भवन के प्रांगण में पौधरोपण किया। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम

गुजरात सरकार के दूरदर्शी मार्गदर्शन और सहयोग से निर्मित यह एकेडमी राज्य के युवाओं में नेतृत्व, अनुशासन और राष्ट्र सेवा का भाव जागृत करने का केंद्र बनेगी, जो युवा सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

एकेडमी एनसीसी प्रशिक्षण को एक नई ऊंचाई पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी

यह एकेडमी राज्य में एनसीसी प्रशिक्षण को एक नई ऊंचाई पर ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी और युवाओं में नेतृत्व, देशभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को प्रबल बनाएगी। उल्लेखनीय है कि कि अभी गुजरात में अहमदाबाद और राजपीपला में एक-एक एकेडमी संचालित हैं। अब, तीसरी एनसीसी लीडरशिप एकेडमी का निर्माण किया गया है, जिसका संचालन वल्लभ विद्यानगर ग्रुप हेडक्वार्टर द्वारा किया जाएगा। इस एकेडमी में 28 जुलाई से 'युवा आपदा प्रशिक्षण कैंप' और 'कम्बाइंड एन्युअल ट्रेनिंग कैंप' (CATC) शुरू होगा। इसके बाद एकेडमी में समय-समय पर एनसीसी कैंप्स का आयोजन किया जाएगा।

दूसरे चरण का कार्य प्रगति पर है

इस एकेडमी के पहले चरण में 200 कैडेट्स के लिए आधुनिक आवास, प्रशिक्षण और प्रशासनिक बुनियादी ढांचा के साथ ही एकेडमी परिसर में ऑब्सटेकल कोर्स यानी बाधा मार्ग, फायरिंग रेंज, ड्रिल ग्राउंड, डिजिटल क्लासरूम और पूर्ण रूप से सुसज्जित आवास जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। दूसरे चरण का कार्य प्रगति पर है, जिसके पूरा होने के बाद नावली मध्य गुजरात में 600 कैडेट्स की क्षमता वाला एक अग्रणी प्रशिक्षण केंद्र बन जाएगा।

एकेडमी के लोकार्पण अवसर पर विधानसभा में उप मुख्य सचेतक रमणभाई सोलंकी, जिला पंचायत अध्यक्ष हसमुखभाई पटेल, विधायक योगेशभाई पटेल, कमलेशभाई पटेल और विपुलभाई पटेल, जिला अग्रणी संजयभाई पटेल, जिला कलेक्टर प्रवीण चौधरी, मनपा आयुक्त मिलिंद बापना, जिला विकास अधिकारी सुश्री देवाहुति, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव जसाणी, गुजरात एनसीसी के एडीजी आर.एस. गोडारा, वल्लभ विद्यानगर ग्रुप कमांडर परमिंदर अरोरा, 4-बटालियन एनसीसी के सीईओ कर्नल मनीष भोला सहित एनसीसी के अधिकारी और कैडेट्स बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article