Vibrant Gujarat Regional Conferences: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाला वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस, राज्य के विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट पहचान, औद्योगिक क्षमता, आर्थिक विकास की संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत को और व्यापक स्तर पर उजागर करेगी।
वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस के प्रमोशन के लिए नई दिल्ली में अग्रणी उद्योगपतियों और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित परिचर्चा बैठक एवं रोड शो को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रेड एंड ट्रेडिशन, कॉमर्स एंड कल्चर, इंडस्ट्री एंड आन्त्रेप्रन्योर्शिप का अद्भुत संगम रखने वाला वाइब्रेंट गुजरात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरु हुए वाइब्रेंट गुजरात समिट के माध्यम से देश के विकास का “ग्रोथ इंजन” बन चुका है।
CM पटेल ने क्या कुछ कहा?
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि 2003 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की शुरुआत का जो विचार प्रधानमंत्री ने दिया था, वह राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए गेम चेंजर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समिट की दो दशकों की उल्लेखनीय सफलता के कारण, आज गुजरात देश का सबसे औद्योगिकीकृत और शहरीकृत राज्य बनकर निवेशकों के लिए "मोस्ट प्रेफ़र्ड डेस्टिनेशन" बन गया है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री ने सर्व समावेशी और हर व्यक्ति, हर क्षेत्र तक पहुंचने वाले विकास का विज़न दिया है। इस विज़न को पूरा करने के लिए, वाइब्रेंट गुजरात समिट की सफलता के बाद अब प्रादेशिक स्तर पर औद्योगिक और आर्थिक विकास को गति देने के लिए वाइब्रेंट गुजरात रीजनल कॉन्फ्रेंस शुरू किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि गुजरात के कुछ क्षेत्रों का प्रोडक्शन और आउटपुट, देश के कई राज्यों के इंडस्ट्रियल आउटपुट से भी अधिक है। इन रीजनल कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उत्तर गुजरात, दक्षिण गुजरात, सौराष्ट्र और मध्य गुजरात क्षेत्रों में सेक्टर स्पेसिफ़िक निवेश के नए अवसर खुलेंगे और भविष्य-उन्मुख विकास को नई दिशा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में राज्य में पीएम मित्र पार्क, बल्क ड्रग पार्क, मेडिकल डिवाइस पार्क, एग्रो फूड पार्क जैसे विशेष औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं, इसकी भी जानकारी दी और कहा कि ये पहल व्यापक स्तर पर प्रादेशिक विकास संभावनाओं को और मजबूत करेगी। उन्होंने आगे कहा कि गुजरात की विकास यात्रा का अगला चरण गिफ़्ट सिटी, धोलेरा स्पेशल इन्वेस्टमेंट रीजन, सेमीकॉन, ग्रीनफ़ील्ड पोर्ट्स, ग्रीन एनर्जी जैसे फ्यूचर रेडी मेगा प्रोजेक्ट्स द्वारा संचालित होगा।
मुख्यमंत्री ने दृढ़ता से कहा कि ‘क्षेत्रीय आकांक्षा-वैश्विक महत्वाकांक्षा’ की थीम के साथ आयोजित होने वाला यह आयोजन, प्रधानमंत्री के वोकल फॉर लोकल और लोकल फॉर ग्लोबल के संकल्प को भी साकार करेगा। साथ ही, विकसित गुजरात @2047 के लिए राज्य की अर्थव्यवस्था को 3.5 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उद्योग जगत के अग्रणियों को किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आगामी 9-10 अक्टूबर को उत्तर गुजरात में होने वाले पहले रीजनल कॉन्फ्रेंस और उसके बाद राज्य के अन्य तीन क्षेत्रों में आयोजित होने वाले VGRC में सक्रिय भागीदारी देकर विकास की इस ऐतिहासिक यात्रा के साक्षी बनने के लिए उद्योग जगत के अग्रणियों को आमंत्रित किया।
