Raghav Chadha News : आम आदमी पार्टी (AAP) के गुजरात (Gujarat)के सह-प्रभारी और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने रविवार को सूरत (Surat) शहर में भव्य रोड शो निकाला। इस दौरान भारी संख्या में 'आप' कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों का हुजूम उमड़ा। लोगों ने जगह-जगह फूल बरसा कर उनका स्वागत किया। सूरत के लोगों को संबोधित करते हुए चड्ढा ने कहा कि 'सूरत में लोगों का जोश देखकर गुजरात का मूड समझा जा सकता है। उन्होंने भाजपा पर हमला बोला और कहा कि भाजपा वाले फर्जी सर्वे दिखाकर जीत का दावा कर रहे हैं। लेकिन केंद्र सरकार की एजेंसी आईबी ने उन्हें गुजरात चुनाव पर एक ऐसी सर्वे रिपोर्ट दी है जिससे भाजपा की नींद उड़ चुकी है।
गुजरात में इस बार बदलाव की लहर - चड्ढा
चड्ढा ने आगे कहा कि गुजरात में इस बार बदलाव की लहर है। लोग आम आदमी पार्टी को बदलाव के रूप में देख रहे है। गुजरात परिवर्तन की मांग कर रहा है,आम आदमी पार्टी इस रण के लिए पूरी तरह तैयार है। चड्ढा ने आगे कहा कि 'पिछले 27 साल से गुजरात में राज कर रही भाजपा की भ्रष्ट सरकार को हम सब को मिलकर उखाड़ फेंकना है।' उन्होंने लोगों से आप की ईमानदार और स्थाई सरकार बनाने की अपील भी की।
पार्षदों के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की
इस से पहले राघव चड्ढा ने सूरत में आप पार्षदों के साथ बैठक कर आगे की रणनीतियों पर चर्चा की। बैठक के बाद राघव चड्ढा ने कतारगाम पहुंचकर पार्टी कार्यालय का उद्घाटन किया, साथ ही एक नुक्कड़ सभा को संबोधित किया।
लोगों के साथ किया गरबा
आप नेता सूरत में आयोजित एक गरबा कार्यक्रम में भी पहुंचे और लोगों के साथ नृत्य किया। सूरत को धन्यवाद देते हुए उन्होंने गरबा नृत्य का अपना एक वीडियो भी साझा किया।
इस बार त्रिकोणीय मुकाबले के आसार
गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इस बार चुनाव में आम आदमी पार्टी अपना पूरा दम-खम लगा रही है। हाल के दिनों में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लगातार राज्य का दौरा कर अपने लिए राजनीतिक जमीन तैयार की है। आप गुजरात में इस बार अपने लिए अच्छी संभावनाएं देख रही है। गुजरात राजनीति के जानकारों का मानना है कि इस बार राज्य में मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है और आप अपने प्रदर्शन से चौंका सकती है। केजरीवाल की पार्टी ने गुजरात के लिए अपने उम्मीदवार घोषित करने शुरू कर दिए हैं।
