प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बुधवार को नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारांडोस ने मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच भारतीय कहानियों की वैश्विक लोकप्रियता और भारत के क्रिएटिव क्षेत्र को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई। इस बैठक में नेटफ्लिक्स इंडिया की प्रमुख मोनिका शेरगिल भी मौजूद रहीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''टेड सारंडोस से मिलकर खुशी हुई। भारत के मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।''
उन्होंने कहा कि भारत की कहानी कहने की एक समृद्ध परंपरा है और क्रिएटिव टैलेंट का एक असाधारण पूल है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस क्षमताओं का इस्तेमाल कर भारत को वैश्विक कंटेंट क्रिएशन हब के रूप में और मजबूत बनाया जा सकता है।
नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस अवसर पर नेटफ्लिक्स ने भारत में अपने अगले दशक की शुरुआत के साथ 'नेटफ्लिक्स इंडिया स्टोरीटेलिंग इनिशिएटिव' की घोषणा की। यह एक मल्टी-फेज निवेश योजना है, जिसका मकसद भारत की नई पीढ़ी के स्टोरीटेलर्स को तैयार करना और देश के क्रिएटिव इकोसिस्टम को मजबूत बनाना है।
कंपनी ने बताया कि पिछले 10 वर्षों में उसने भारत में 200 से अधिक ओरिजिनल प्रोजेक्ट्स तैयार किए हैं और 100 से ज्यादा लोकेशनों पर शूटिंग की है। अब यह नई पहल एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), गेमिंग और कॉमिक्स (AVGC) जैसे क्षेत्रों में युवाओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देगी। यह भारत की 'ऑरेंज इकोनॉमी' को भी गति देने में मदद करेगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अखिलेश यादव ने अयोध्या से भरोसेमंद पवन पांडे के नाम का किया ऐलान, सपा नेता ने बता दी असल सच्चाई
'भारतीय कहानियों ने जीता दर्शकों का दिल'
नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारांडोस ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे समृद्ध कहानी कहने वाली परंपराओं में से एक है। पिछले एक दशक में भारतीय कहानियों ने न केवल देश, बल्कि पूरी दुनिया के दर्शकों का दिल जीता है। हमारा मानना है कि आने वाले वर्षों में नेटफ्लिक्स का सबसे बड़ा निवेश उन लोगों में होगा, जो अगली पीढ़ी की कहानियां सुनाएंगे।
