Gangster kala Jatheri: दिल्ली-एनसीआर का कुख्यात गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कोई जुर्म नहीं बल्कि उसकी निजी जिंदगी का एक भावुक पल है। तिहाड़ जेल में बंद काला जठेड़ी को दिल्ली पुलिस के कड़े सुरक्षा घेरे में गुरुग्राम के नीलकंठ अस्पताल लाया गया। वजह थी उसकी नवजात जुड़वा बेटियां, जिनका चेहरा देखने और अपनी पत्नी से मिलने के लिए कोर्ट ने उसे 4 घंटे की कस्टडी पैरोल मंजूर की थी।
काला जठेड़ी की पत्नी अनुराधा चौधरी, जो अपराध की दुनिया में 'लेडी डॉन' या 'मैडम मिंज' (Lady Don Anuradha) के नाम से मशहूर है, ने गुरुग्राम के इसी निजी अस्पताल में दो जुड़वा बेटियों को जन्म दिया है। पिता बनने की खुशी में काला जठेड़ी ने कोर्ट से बेटियों से मिलने की गुहार लगाई थी। पुलिस टीम उसे जेल से लेकर सीधे अस्पताल पहुंची, जहां उसे अपनी पत्नी और नवजात बच्चियों के साथ वक्त बिताने के लिए पूरे 1 घंटे का समय दिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मोदी कैबिनेट का बड़ा फैसला: 14,115 करोड़ से बदलेगी दिल्ली-UP की सूरत, द्वारका टनल और कानपुर-कबरई हाईवे को मंजूरी
चप्पे-चप्पे पर पुलिस रही तैनात
काला जठेड़ी के गैंग की दुश्मनी लॉरेंस बिश्नोई गैंग और अन्य विरोधी गुटों से रही है, इसलिए पुलिस ने सुरक्षा में कोई कसर नहीं छोड़ी। जब गैंगस्टर अस्पताल पहुंचा, तो वहां की सुरक्षा किसी किले जैसी कर दी गई थी। स्थानीय पुलिस और स्पेशल सेल के जवान अत्याधुनिक हथियारों के साथ अस्पताल के गेट से लेकर अंदरूनी गलियारों तक मुस्तैद थे, ताकि कोई अप्रिय घटना न घट सके।
किन आरोपों में जेल में बंद है काला जठेड़ी?
संदीप उर्फ काला जठेड़ी पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, रंगदारी, अपहरण, डकैती और जमीन कब्जाने जैसे दर्जनों संगीन मामले दर्ज हैं। उस पर कड़े कानून मकोका (MCOCA) के तहत भी कार्रवाई की गई है। जठेड़ी पर कभी 7 लाख रुपये का इनाम था। आरोप है कि वह तिहाड़ और अन्य जेलों में बंद बड़े गैंगस्टरों के साथ मिलकर बाहर अपना सिंडिकेट चला रहा था।
याद दिला दें कि पिछले साल मार्च में ही काला जठेड़ी और अनुराधा चौधरी की शादी दिल्ली के एक बैंक्वेट हॉल में भारी सुरक्षा के बीच हुई थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं। अब माता-पिता बनने के बाद दोनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं।
