Hamid Ansari: नई दिल्ली के 'इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर' में जाने-माने कानूनविद, लेखक और संविधान विशेषज्ञ स्व. अब्दुल गफूर नूरानी (एजी नूरानी) की याद में एक विशेष मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी ने देश के राजनीतिक और सामाजिक हालातों पर विचार व्यक्त किए। अपने भाषण के दौरान उन्होंने एजी नूरानी की 2019 में प्रकाशित किताब "द आरएसएस: ए मेनेस टू इंडिया" (The RSS: A Menace to India) और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के एक ऐतिहासिक वक्तव्य का हवाला दिया।
हामिद अंसारी ने पूर्व विदेश सचिव जगत सिंह गुंदेविया द्वारा दर्ज किए गए संस्मरणों का उल्लेख करते हुए बताया कि विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की एक बैठक में नेहरू ने चेतावनी दी थी। नेहरू ने कहा था - "भारत के लिए असली खतरा कम्युनिज्म (साम्यवाद) से नहीं, बल्कि दक्षिणपंथी हिंदू सांप्रदायिकता (Hindu Right-Wing Communalism) से है।" अंसारी ने कहा कि एजी नूरानी ने अपनी किताब की भूमिका में भी इसी बात को रेखांकित किया था, जो आज के समय में भी प्रासंगिक है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: '51 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी', 20वें रोजगार मेले में PM मोदी का बड़ा संदेश, बताया नौकरी बढ़ाने का प्लान
आज नागरिक राष्ट्रवाद की जगह पर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की बात-पूर्व उपराष्ट्रपति
पूर्व उपराष्ट्रपति ने देश में स्थापित 'नागरिक राष्ट्रवाद' (Civic Nationalism) की अवधारणा से हटकर 'सांस्कृतिक राष्ट्रवाद' (Cultural Nationalism) की ओर बढ़ रहे रुझानों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज के दौर में चुनावी बहुमत को धार्मिक बहुसंख्यकवाद का रूप देने की कोशिश की जा रही है, जो कि राजनीतिक सत्ता पर एकाधिकार स्थापित करने का एक प्रयास है। इस तरह की प्रवृत्तियां नागरिकों को उनके धर्म के आधार पर बांटने का काम करती हैं, जिससे समाज में असुरक्षा, असहिष्णुता और बेगानेपन की भावना बढ़ती है।
बताया कैसे करें मुकाबला?
अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश में हाल के दिनों में सामने आए कुछ घटनाक्रम बेहद चिंताजनक हैं और ये 'कानून के शासन' (Rule of Law) के हमारे दावों पर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के विचारों और प्रवृत्तियों का कानूनी और राजनीतिक, दोनों स्तरों पर मजबूती से मुकाबला किया जाना चाहिए।
